भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता: भारतीय प्रतिनिधिमंडल आज अमेरिका जाएगा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का नेतृत्व
US-India Trade Deal, बिजनेस डेस्क: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता अब एक नई दिशा में बढ़ रही है। पिछले सप्ताह अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आया था, जबकि आज भारतीय दल अमेरिका की यात्रा पर जा रहा है। इस दल का नेतृत्व वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कर रहे हैं। मंत्रालय के अनुसार, इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य एक लाभकारी व्यापार समझौते को शीघ्रता से संपन्न करना है।
16 सितंबर की बैठक से सहमति की उम्मीद
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर 16 सितंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में दोनों देशों ने जल्द से जल्द एक समझौता करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों ने सहमति जताई कि ऐसा व्यापार समझौता होना चाहिए जो दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद हो। हालांकि, अमेरिका ने भारतीय सामान पर उच्च टैरिफ लगाए हैं, जिस पर भारत ने आपत्ति उठाई है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पहले से अटके व्यापार समझौते को फिर से शुरू करना था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत और अमेरिका के व्यापार संबंधों को सुधारने की बात की थी।
रिश्तों में आई दरार
जून से पहले भारत और अमेरिका के बीच संबंध सामान्य थे। अप्रैल में अमेरिका ने जिन देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, भारत उस सूची में नहीं था। लेकिन जून में भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध की स्थिति समाप्त होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बयान दिया कि उन्होंने युद्ध को रोकने में मदद की। भारत ने इस पर असहमति जताई, जिसके बाद ट्रंप ने भारत पर भारी टैरिफ लगा दिए।
सीईए का बयान
भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंत नागेश्वरन ने अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद अगले दो महीनों में सुलझ सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बातचीत के माध्यम से पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर लगभग 15 प्रतिशत करने की संभावना है, जिससे निर्यातकों में आशा की किरण जगी है।