भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट, निवेशकों को 11 लाख करोड़ का नुकसान
शेयर बाजार में गिरावट का कारण
तीन दिन की तेजी के बाद शेयर बाजार में भारी गिरावट, आज का दिन रहेगा अहम
Share Market Update, बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में तीन दिनों की बढ़त के बाद अचानक गिरावट आई है। इस गिरावट के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में भारी नुकसान हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को हुई बड़ी बिकवाली के कारण बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण लगभग 11.5 लाख करोड़ रुपये घटकर 427 लाख करोड़ रुपये रह गया।
शेयर बाजार का हाल
बीएसई सेंसेक्स, जिसमें 30 शेयर शामिल हैं, 2,496.89 अंक या 3.26 प्रतिशत गिरकर 74,207.24 पर बंद हुआ। यह जून 2024 के बाद की सबसे बड़ी एक दिवसीय गिरावट है। दिन के दौरान, यह 2,753.18 अंक या 3.58 प्रतिशत गिरकर 73,950.95 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 775.65 अंक या 3.26 प्रतिशत गिरकर 23,002.15 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इटरनल, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व प्रमुख रूप से पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के नैतिक चिंताओं के कारण इस्तीफे के बाद बैंक के शेयरों में 5.13 प्रतिशत की गिरावट आई।
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई। चांदी की कीमत 14,230 रुपये गिरकर 2.33 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं, सोने का भाव 5,330 रुपये गिरकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-ईरान तनाव और पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और इसका सीधा प्रभाव सोने-चांदी पर पड़ा।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के हालिया मौद्रिक नीति निर्णय का भी बाजार पर असर पड़ा है। फेड ने लगातार दूसरी बैठक में ब्याज दरों को 3.5% से 3.75% के दायरे में स्थिर रखा है। इससे पहले 2025 में सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में 0.25% की कटौती की गई थी।
