98वां ऑस्कर समारोह: भारतीय दर्शकों के लिए लाइव प्रसारण की जानकारी
ऑस्कर 2026 का भव्य आयोजन
मुंबई: भारतीय समयानुसार 16 मार्च 2026 को सुबह से शुरू होने वाला 98वां एकेडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) आज रात लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में भव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह 2025 में प्रदर्शित सर्वश्रेष्ठ फिल्मों, अभिनेताओं, निर्देशकों और अन्य कलाकारों के योगदान को मान्यता देगा। अमेरिका में यह शो 15 मार्च की शाम 7 बजे ईस्टर्न टाइम (ईटी) से प्रारंभ होगा, जो भारत में सोमवार सुबह 4:30 बजे (आईएसटी) से लाइव दिखाया जाएगा।
भारतीय दर्शक इसे जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर सुबह 4:30 बजे से लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा, स्टार मूवीज चैनल पर भी सुबह 4:30 बजे से इसका टीवी प्रसारण होगा। यदि कोई लाइव प्रसारण चूक जाता है, तो जियोहॉटस्टार पर पूरा शो बाद में उपलब्ध होगा, जबकि स्टार मूवीज पर शाम 9 बजे इसका रिपीट टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। ऑस्कर से जुड़े कई रोचक तथ्य हैं, जिनसे कम लोग परिचित हैं।
ऑस्कर का नामकरण और ट्रॉफी के नियम
सबसे पहले इसका नाम – हम इसे ऑस्कर के नाम से जानते हैं, लेकिन इसका आधिकारिक नाम एकेडमी अवॉर्ड ऑफ मेरिट (Academy Award of Merit) है। यह उपनाम इतना प्रसिद्ध हो गया है कि अब पूरी दुनिया इसे इसी नाम से पहचानती है। नाम की कहानी भी दिलचस्प है। 1930 के दशक में एकेडमी की लाइब्रेरियन मार्गरेट हेरिक ने ट्रॉफी को देखकर कहा कि यह उनके चाचा ऑस्कर जैसी लगती है। यह बात इतनी पसंद आई कि 1934 में इसे अखबारों में इस्तेमाल किया जाने लगा और 1939 में एकेडमी ने इसे आधिकारिक रूप से अपनाया।
आज ऑस्कर शब्द फिल्म पुरस्कारों का प्रतीक बन चुका है। ट्रॉफी के बारे में भी कई नियम हैं। ऑस्कर स्टैच्यू (ट्रॉफी) की ऊंचाई 13.5 इंच (लगभग 34 सेमी) है और इसका वजन 8.5 पाउंड (करीब 3.85 किलोग्राम) है। यह ब्रॉन्ज से बनी होती है और 24-कैरेट गोल्ड से प्लेटेड होती है।
विजेताओं के लिए महत्वपूर्ण नियम
सबसे महत्वपूर्ण नियम – विजेता ट्रॉफी बेच नहीं सकते.
1950 के दशक से एकेडमी ने एक सख्त नियम लागू किया है कि विजेता या उनके वारिस ट्रॉफी को बेचने या किसी अन्य तरीके से निपटाने से पहले एकेडमी को 1 डॉलर में ऑफर करना होगा। यह नियम विजेताओं से साइन करवाया जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड बाजार में न बिके और इसका सम्मान बना रहे। पहले (1951 से पहले) दिए गए कुछ ऑस्कर बिक सकते हैं, लेकिन अब नए वाले नहीं। ऑस्कर की ट्रॉफी केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि सिनेमा में उत्कृष्टता का प्रतीक है। यह रात हॉलीवुड के सितारों के लिए सबसे बड़ा पल होगा। भारतीय फैंस सुबह उठकर लाइव एक्शन का आनंद ले सकते हैं।
