अक्षय कुमार ने मोबाइल फोन की लत पर की गंभीर चर्चा
मोबाइल फोन की लत पर अक्षय कुमार की चेतावनी
प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया' के एक एपिसोड में मोबाइल फोन की लत के गंभीर मुद्दे पर बात की। उन्होंने इसे बच्चों के लिए एक बड़ा खतरा बताया और माता-पिता से इस पर ध्यान देने की अपील की।
इस चर्चा में कंटेस्टेंट्स आकाश सिंह, प्रियांशी सिंह और प्रतीक चतुर्वेदी शामिल थे, जहां डिजिटल युग, तकनीक और पेरेंटिंग पर गहन बातचीत हुई। अक्षय ने कहा कि आजकल लोग एक वीडियो देखने के बाद घंटों तक फोन पर लगे रहते हैं। उन्होंने बताया, “लोग औसतन छह घंटे मोबाइल स्क्रीन पर बिताते हैं।
अक्षय ने इसे बच्चों के लिए एक 'जाल' बताया, जिसमें फंसना आसान है। उन्होंने प्रियांशी से सोशल मीडिया ऐप्स के प्रभाव पर सवाल किया और दर्शकों से पूछा, “यहां कितने माता-पिता हैं जिन्हें लगता है कि उनके बच्चे मोबाइल की लत में फंस चुके हैं?
इस पर एक दर्शक ने कहा, “सर, बच्चे आजकल खाना भी मोबाइल देखकर खाते हैं।” अक्षय ने इस पर कहा कि समस्या की जड़ माता-पिता में है। उन्होंने कहा कि बच्चे खुद से फोन नहीं मांगते, बल्कि माता-पिता ही उन्हें देते हैं। कम उम्र में मोबाइल फोन बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, जो उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और विकास को प्रभावित करता है।
अक्षय ने अपने एक दोस्त का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उनके दोस्त ने लगातार साढ़े छह घंटे रील्स देखने की आदत बना ली थी, जिससे उनकी डायबिटीज बढ़ गई।
उन्होंने कहा, “आजकल कितने लोग डिजिटल रिहैब में जा रहे हैं। मैं सभी माता-पिता से अपील करता हूं कि यदि उन्हें लगता है कि उनका बच्चा लत का शिकार हो रहा है, तो उन्हें पहले कदम उठाना होगा। बच्चों को सही और गलत समझाने की जिम्मेदारी माता-पिता की होती है।
अक्षय ने अंत में कहा, “मैं किसी को सिखाने की कोशिश नहीं कर रहा। जो सही लगे, वो अपनाएं। अगर आपको सही नहीं लगता, तो आप माता-पिता हैं, आपसे ज्यादा समझदार कोई नहीं।
