अमिताभ बच्चन ने रात की शांति पर लिखा दिलचस्प ब्लॉग
अमिताभ बच्चन का ब्लॉग: रात की सन्नाटे की खूबसूरती
मुंबई: अभिनेता अमिताभ बच्चन अक्सर अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की कविताओं को अपने ब्लॉग में साझा करते हैं। इस बार, उन्होंने अपने बाबूजी से प्रेरित होकर अपने मन की भावनाओं को व्यक्त किया है।
अमिताभ ने रात के सन्नाटे की सुंदरता को बयां करते हुए लिखा है कि मुंबई जैसे व्यस्त शहर में भी रात के समय एक अद्भुत शांति का अनुभव होता है। दिनभर की भागदौड़ के बाद, रात में सड़कें सुनसान हो जाती हैं और चारों ओर गहरा सन्नाटा छा जाता है। उन्होंने कहा, "मुंबई की यह शांति कई लोगों को डरावनी लगती है, लेकिन मेरे लिए इसमें एक अलग तरह की हैरानी और खूबसूरती छिपी हुई है।"
उन्होंने एक रात का अनुभव साझा करते हुए लिखा, "जब मैं यह सब लिख रहा था, तभी एक गाड़ी सड़क के गड्ढे से टकराई और सन्नाटा टूट गया। रात 1 बजे अक्सर तेज बाइक की आवाज सुनाई देती है, शायद कोई व्यक्ति काम से लौट रहा है या नई शिफ्ट के लिए जा रहा है। ये छोटी-छोटी आवाजें रात की खामोशी को और गहरा बनाती हैं।"
अमिताभ ने आसमान के रंग की खूबसूरती को भी अपने शब्दों में बयां किया। उन्होंने कहा, "इन दिनों मुंबई का आसमान पहले से ज्यादा नीला और साफ दिख रहा है। निर्माण कार्यों के दौरान पानी का छिड़काव किया जाता है, जिससे धूल जमीन पर बैठ जाती है और हवा स्वच्छ हो जाती है। बरसात के दिनों में भी प्रदूषण कम हो जाता है क्योंकि बारिश धूल-मिट्टी को धोकर साफ कर देती है।"
उन्होंने यह भी कहा कि प्रकृति सबसे बेहतरीन दवा है। दवाइयां और रसायन भी हमें प्रकृति से ही मिले हैं। जीवन में सब कुछ चलता रहता है, कभी लेना-देना, कभी शोर और कभी सन्नाटा। उन्होंने अपनी बात को समाप्त करते हुए लिखा, "जिंदगी से जिंदगी ही है निजात।"
