करिश्मा कपूर और प्रिया कपूर के बीच संपत्ति विवाद: संजय कपूर की विरासत पर टकराव

संजय कपूर की संपत्ति को लेकर विवाद
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर के निधन के बाद उनकी दूसरी पत्नी करिश्मा और तीसरी पत्नी प्रिया कपूर के बीच संपत्ति को लेकर तीखी बहस चल रही है। यह विवाद संजय कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चों, समायरा और कियान द्वारा दायर उत्तराधिकार याचिका से जुड़ा हुआ है। बच्चों ने संजय की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग करते हुए उनकी वसीयत की वैधता पर सवाल उठाए हैं। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति ज्योति सिंह ने सभी पक्षों से जवाब मांगा, लेकिन संपत्तियों पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश देने से इनकार कर दिया। अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी।
प्रिया कपूर का तर्क
प्रिया कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने अदालत में कहा कि करिश्मा कपूर के बच्चों को पहले ही रानी कपूर ट्रस्ट से 1,900 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं। प्रिया ने कहा, "इस सब रोने-धोने के बावजूद, वादी को ट्रस्ट से 1,900 करोड़ रुपये मिले हैं। यह ट्रस्ट संजय कपूर की मां रानी कपूर द्वारा स्थापित किया गया था। मुकदमा दायर करने से लगभग पांच दिन पहले ही समायरा और कियान को यह संपत्ति ट्रांसफर की गई।" प्रिया ने यह भी कहा कि करिश्मा और संजय के बीच लंबे समय तक तलाक और मुकदमेबाजी चली थी, इसलिए अब बच्चों का हिस्सेदारी मांगना विरोधाभासी है।
करिश्मा कपूर के बच्चों के आरोप
करिश्मा कपूर के बच्चों ने प्रिया कपूर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रिया, संपत्ति की निष्पादक और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उनके वैध हिस्से को हड़पने की कोशिश कर रही हैं। याचिका में उन्होंने किसी भी तीसरे पक्ष को संपत्ति बेचने या ट्रांसफर करने से रोकने की मांग की है। इसके साथ ही सभी चल और अचल संपत्तियों में प्रत्येक बच्चे के लिए 1/5 हिस्सेदारी मांगी गई है।
रानी कपूर की आपत्ति
संजय कपूर की मां, रानी कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वैभव गग्गर ने अदालत को बताया कि ट्रस्ट से उन्हें और उनके अन्य पोते-पोतियों को बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा, "मेरे सात पोते-पोतियां हैं, लेकिन सब कुछ प्रिया और उनके बेटे तथा करिश्मा के बच्चों को मिल गया है। आज मेरी हालत यह है कि मेरा अपना बेटा मुझे सड़क पर छोड़ गया।"