गुरुग्राम में विश्व पर्यावरण दिवस पर 200 पौधों का रोपण

डीएलएसए द्वारा पर्यावरण संरक्षण की पहल
- हमारा पर्यावरण, हमारी जिम्मेदारी थीम पर लगाए गए पौधे
(गुरुग्राम) जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश चन्द्र शेखर के मार्गदर्शन में हुआ।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रजत वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत एसजीटी यूनिवर्सिटी पटौदी, सोहना कोर्ट परिसर, एमकेएफ बाल कल्याण संस्थान और जिला जेल भोंडसी में पौधारोपण किया गया। इस दौरान लगभग 200 पौधे लगाए गए। इस वर्ष की थीम 'हमारा पर्यावरण, हमारी जिम्मेदारी' थी, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्लास्टिक का न्यूनतम प्रयोग और वृक्षारोपण पर जोर
रजत वर्मा ने पर्यावरण की स्थिति, वनों की कटाई, प्लास्टिक प्रदूषण और जल संकट पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को पर्यावरण की रक्षा में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करें, जैसे प्लास्टिक का कम से कम उपयोग, अधिक वृक्षारोपण और जल एवं ऊर्जा की बचत। उनका मानना है कि ये छोटे प्रयास पर्यावरण की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।