थलापति विजय की दिलचस्प लव स्टोरी: फैन से बनी जीवनसाथी

थलापति विजय का जन्मदिन विशेष
थलापति विजय का जन्मदिन विशेष: फिल्म जगत के सितारों की फैन फॉलोइंग लाखों में नहीं, बल्कि करोड़ों में होती है। कभी-कभी, ये फैंस अपने पसंदीदा सितारों के घर में घुसने की कोशिश करते हैं या उन्हें प्रेम पत्र और उपहार भेजकर अपना प्यार दर्शाते हैं। आज हम आपको एक ऐसे सुपरस्टार के बारे में बताएंगे, जिसने अपनी एक फीमेल फैन को जीवनसाथी बना लिया। अब ये कपल दो बच्चों का माता-पिता बन चुका है और खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहा है। हम बात कर रहे हैं कॉलीवुड के सुपरस्टार थलापति विजय की, जो आज अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर आइए जानते हैं उनकी दिलचस्प प्रेम कहानी के बारे में।
फैन पर दिल हार गए थे थलापति
थलापति विजय को फिल्मी दुनिया में कूल और बिंदास अंदाज में देखा जाता है, लेकिन असल जिंदगी में वह काफी शर्मीले हैं। हालांकि, उनका दिल एक आम लड़की पर आ गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, थलापति को एक साधारण सी लड़की इतनी पसंद आई कि उन्होंने उसे अपनी जीवनसाथी बनाने का निर्णय लिया। अगस्त 1999 में, उन्होंने संगीता नाम की अपनी फीमेल फैन से क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। आज उनकी शादी को लगभग 26 साल हो चुके हैं और उनके दो बच्चे हैं, जेसन संजय और दिव्या साशा।
थलापति की लव स्टोरी का दिलचस्प सफर
थलापति विजय की प्रेम कहानी बेहद दिलचस्प है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी पत्नी संगीता श्रीलंका की रहने वाली हैं, जो उस समय लंदन में रहती थीं। संगीता को फिल्मों का बहुत शौक था और उनके पसंदीदा अभिनेता थलापति विजय थे। 1996 में, संगीता उनसे मिलने के लिए लंदन से भारत आईं। जब थलापति को इस बात का पता चला, तो वह हैरान रह गए। हालांकि, पहली मुलाकात में ही थलापति अपनी फैन से काफी प्रभावित हो गए।
तीन साल तक डेटिंग
संगीता से मिलने के तुरंत बाद, थलापति विजय ने उन्हें शाम को अपने घर आने का निमंत्रण दिया। इसके बाद, उन्होंने अपनी फैन को अपने माता-पिता से मिलवाया। यहीं से उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई। लगभग तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, थलापति ने 1999 में संगीता से शादी कर ली।