नवीन पटनायक ने ओडिशा में नाबालिग के आत्मदाह पर जताया दुख

नाबालिग लड़की के आत्मदाह पर पटनायक की प्रतिक्रिया
पुरी: बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को बरगढ़ के गैसिलेट में एक नाबालिग लड़की के आत्मदाह की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में, पटनायक ने मृतका के परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने लिखा, "यह जानकर अत्यंत दुख हुआ कि बरगढ़ के गैसिलेट की एक और लड़की ने आत्मदाह कर लिया। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उस बच्ची के परिवार के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
लड़कियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "यह अत्यंत दुखद है कि हमारी लड़कियां आत्महत्या के लिए मजबूर हो रही हैं। पिछले एक महीने में ऐसी चार बच्चियों ने अपनी जान गंवाई है। हर एक मासूम की मौत ओडिशा की बेटियों के दर्द को दर्शाती है, जो इतना असहनीय हो गया कि उन्हें अपनी जान लेने के अलावा कोई और विकल्प नहीं मिला। ये चार मौतें मामूली नहीं हैं। कई लड़कियां हर दिन अपराध का शिकार होकर दुखद तरीके से मर रही हैं।"
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ितों की हताशा केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है, बल्कि यह सरकार की नाकामी को भी दर्शाती है। प्रशासन में विश्वास खत्म हो रहा है, जहां हमारी बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। भाजपा सरकार कब तक ऐसी हृदय विदारक घटनाओं को रोकने में असफल रहेगी? सरकार की चुप्पी और निष्क्रियता ओडिशा की बेटियों को और भी असुरक्षित बना रही है।
ज्ञात हो कि यह दुखद आत्मदाह की घटना बरगढ़ जिले के फिरींगी माला गांव में हुई। सोमवार को 13 वर्षीय एक लड़की ने कथित तौर पर आत्मदाह कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।