मोरारी बापू की रामकथा पर विवाद: संतों ने उठाए सवाल

मोरारी बापू की रामकथा का आयोजन
मोरारी बापू रामकथा विवाद: प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू की श्रीराम कथा का आयोजन वाराणसी के सिगरा में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 14 से 22 जून तक निर्धारित किया गया था। आयोजकों ने इस कथा का नाम 'मानस सिंदूर' रखा, जो मोदी सरकार के ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित था। मोरारी बापू की पत्नी नर्मदा बेन का 11 जून 2025 को निधन हो गया था, जिसके बाद से मोरारी बापू ने सूतक काल का पालन किया।
विवाद का आरंभ
मोरारी बापू ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए और रामकथा आरंभ की, जिस पर विवाद उत्पन्न हो गया है। काशी के संतों और अखिल भारतीय संत समिति ने इसे शास्त्रविरुद्ध बताते हुए मोरारी बापू के खिलाफ मोर्चा खोला है। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग संतों के समर्थन में हैं, जबकि कुछ मोरारी बापू के पक्ष में खड़े हैं। लोगों का कहना है कि सूतक काल में धार्मिक कार्यों के लिए स्पष्ट नियम हैं, और इनका उल्लंघन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
समाज के लिए शर्मनाक
अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि 'सूतक काल में रामकथा का आयोजन घोर निंदनीय है। जब कोई व्यक्ति धर्म को छोड़कर अर्थ की कामना में लग जाता है, तो यह समाज के लिए शर्मनाक हो जाता है।' उन्होंने मोरारी बापू के पिछले कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पहले भी उन्होंने चिता की आग के सामने विवाह जैसे कार्य करवाए, जो व्यास पीठ की गरिमा के खिलाफ है। स्वामी जितेंद्रानंद ने कहा कि बापू को सूतक काल तक कथा बंद कर देनी चाहिए।
शास्त्र विरूद्ध कार्य
स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने सूतक काल में रामकथा को 'भयानक अनर्थ' और 'शास्त्रविरुद्ध' करार दिया है। उन्होंने कहा कि सूतक काल के दौरान मंदिर में प्रवेश और देवताओं का स्पर्श पूरी तरह वर्जित होता है। मोरारी बापू ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर धार्मिक सुचिता को भंग किया है। उन्होंने बापू से प्रायश्चित की मांग की है और काशीवासियों से उनकी कथा का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की है।
ज्योतिषाचार्य का विरोध
प्रख्यात ज्योतिषाचार्य ऋषि महाराज ने कहा कि 'हिंदू धर्म में सूतक काल के नियम सभी संप्रदायों पर लागू होते हैं। इस दौरान मंदिर जाना, भगवान का स्पर्श करना या धर्म ग्रंथों का उपयोग करना निषिद्ध है।' उन्होंने जोर दिया कि शास्त्रीय नियमों का पालन हर व्यक्ति के लिए अनिवार्य है, चाहे वह कितना भी प्रसिद्ध क्यों न हो।
मोरारी बापू का स्पष्टीकरण
विवाद पर मोरारी बापू ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि 'हम वैष्णव परंपरा के साधु हैं। हम न क्रिया करते हैं, न उत्तर-क्रिया। भगवान का भजन और कथा करना सुकून देता है, सूतक नहीं।' काशी विश्वनाथ दर्शन पर उन्होंने कहा कि 'हम तो दर्शन करके आए हैं।' बापू ने दावा किया कि वैष्णव परंपरा में सूतक काल के नियम लागू नहीं होते हैं। हालांकि, संतों ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि शास्त्रों के नियम सभी पर समान हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा
सूतक में रामकथा कहना कितना सही?@MorariBapuKatha pic.twitter.com/rO3LSSBwgK
— Journalist Mohit Tiwari (@MohitKu86769674) June 14, 2025