राजकुमार राव की फिल्म 'टोस्टर': एक अनोखी डार्क कॉमेडी
फिल्म 'टोस्टर' की समीक्षा
मुंबई: राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की नई फिल्म 'टोस्टर' नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है और यह इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यह डार्क कॉमेडी एक साधारण टोस्टर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शुरुआत में दर्शकों को हंसाती है, लेकिन कहानी के मध्य में थोड़ी भटक जाती है। फिर भी, राजकुमार राव की अदाकारी और फिल्म का अनोखा विचार इसे देखने लायक बनाता है।
कहानी रामकांत (राजकुमार राव) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक कंजूस और हिसाब-किताब रखने वाला व्यक्ति है। वह हर खर्च का ब्योरा रखता है और यहां तक कि उपहार में दिए गए सामान को भी वापस मांगने से नहीं कतराता। जब एक शादी में दिया गया टोस्टर तलाक के बाद वापस लेने का फैसला करता है, तो फिल्म की मजेदार और पागलपन भरी यात्रा शुरू होती है।
एक साधारण टोस्टर अचानक एक हत्या से जुड़ जाता है। घबराया रामकांत उसे अपनी लैंडलेडी के घर छिपा देता है, लेकिन जल्द ही लैंडलेडी की मौत हो जाती है। अब टोस्टर केवल रामकांत का नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों का भी टारगेट बन जाता है। फिल्म में अजीब घटनाएं घटती रहती हैं और सब कुछ गड़बड़ होने लगता है। इसकी शुरुआत हल्के-फुल्के अंदाज में होती है, जिससे दर्शक आसानी से कहानी से जुड़ जाते हैं।
राजकुमार राव ने एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन किया है। कंजूस, जिद्दी और थोड़े अजीब रामकांत का किरदार निभाते हुए वे पूरी तरह से उसमें डूब गए हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और बॉडी लैंग्वेज देखने लायक है। सान्या मल्होत्रा भी अपनी भूमिका में अच्छी हैं, लेकिन उनका रोल सीमित है। दर्शक उनसे और अधिक की उम्मीद करते हैं।
अर्चना पुरन सिंह और सीमा पाहवा अपने छोटे-छोटे रोल्स में चार्म लाती हैं। विशेष रूप से अभिषेक बनर्जी का ऑफबीट किरदार एक बार फिर ध्यान खींचता है। पूरी कास्ट ने अच्छा काम किया है, लेकिन कुछ कलाकारों को ज्यादा स्क्रीन टाइम नहीं मिला। फिल्म का निर्देशन और स्क्रिप्ट शुरुआत में बहुत ताजगी और मजेदार हैं।
टोस्टर जैसी साधारण चीज को लेकर इतनी उलझन भरी कहानी बनाना एक क्रिएटिव आइडिया है। हालांकि, बीच में कहानी कुछ हद तक भटक जाती है और कुछ दृश्य अनावश्यक लगते हैं। यदि स्क्रिप्ट को और टाइट किया जाता, तो फिल्म और बेहतर हो सकती थी। कुल मिलाकर, 'टोस्टर' एक परफेक्ट फिल्म नहीं है, लेकिन यह आपको मनोरंजन जरूर करती है। हल्की-फुल्की हंसी, थोड़ा सस्पेंस और राजकुमार राव की शानदार परफॉर्मेंस के साथ, यह वीकेंड पर एक बार देखने लायक है।
