संजय दत्त की खलनायक रिटर्न का फर्स्ट लुक जारी, फैंस में उत्साह
खलनायक रिटर्न का टीज़र लॉन्च
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय दत्त ने अपनी प्रतिष्ठित फिल्म 'खलनायक' के सीक्वल 'खलनायक रिटर्न' का पहला लुक जारी कर दिया है, जिससे उनके प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस फिल्म में संजय दत्त अपने प्रसिद्ध किरदार में एक बार फिर से दमदार वापसी करते नजर आएंगे। शुक्रवार को जारी किए गए टीज़र में उनका लुक बेहद रफ और इंटेंस दिखाई दे रहा है। वीडियो में उनका किरदार हिंसा और अराजकता से घिरा हुआ नजर आता है, जिसने दर्शकों को 1993 की फिल्म 'खलनायक' की याद दिला दी। टीज़र के साथ संजय दत्त ने लिखा कि कुछ कहानियां खत्म नहीं होती, वे फिर से शुरू होती हैं।
फिल्म का टीज़र मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया, जहां फिल्म के पोस्टर्स भी जारी किए गए। पोस्टर में भी उनके किरदार की झलक देखने को मिली। कैप्शन में लिखा गया, हर कहानी का एक वक्त होता है और उसका वक्त आ गया है। 'खलनायक रिटर्न' को Jio Studios, Aspect Entertainment और Three Dimension Motion Pictures के सहयोग से बनाया जा रहा है। Aspect Global Ventures की एंटरटेनमेंट शाखा ने इसके प्रोडक्शन राइट्स हासिल किए हैं और ज्योति देशपांडे इस प्रोजेक्ट को क्रिएटिव तौर पर लीड कर रही हैं।
Kuch kahaani khatam nahi hoti… woh dobara shuru hoti hai
'Khalnayak Returns'@akshakamboj #JyotiDeshpande @jiostudios @AspectEnte95258 #ThreeDimensionMotionPictures#Khalnayak #KhalnayakTheFilm #KhalnayakReturns #JioStudios #AspectEntertainment #EntertainmentKaSahiAspect pic.twitter.com/gXSlbHpJxT— Sanjay Dutt (@duttsanjay) April 24, 2026
संजय दत्त ने कहा कि 'खलनायक' उनके दिल के बेहद करीब है और वह लंबे समय से इसे फिर से जीवित करना चाहते थे। उन्होंने सुभाष घई और मुक्ता आर्ट्स का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस विरासत को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया। ज्योति देशपांडे ने कहा कि 'खलनायक' अपने समय की एक ऐतिहासिक फिल्म रही है, जिसने अपनी कहानी, डायलॉग्स और किरदारों के जरिए सिनेमा को नई दिशा दी। उन्होंने बताया कि यह फिल्म नई पीढ़ी के लिए इस आइकॉनिक किरदार को फिर से बड़े पर्दे पर लाने का प्रयास है।
गौरतलब है कि 1993 में रिलीज हुई 'खलनायक', जिसे सुभाष घई ने निर्देशित किया था, बॉलीवुड की सबसे सफल और यादगार फिल्मों में से एक मानी जाती है। फिल्म में संजय दत्त के साथ जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित की दमदार भूमिकाएं थीं, जो आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। फिलहाल 'खलनायक रिटर्न' की बाकी स्टार कास्ट और कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन टीज़र के बाद से ही फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ गई है।

