सेलिना जेटली ने कानूनी नोटिस पर दी प्रतिक्रिया, बच्चों की कस्टडी के लिए लड़ाई जारी
सेलिना जेटली का बयान
अभिनेत्री सेलिना जेटली एक बार फिर अपने व्यक्तिगत जीवन के कारण चर्चा में हैं। पति पीटर हाग से तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहे विवाद के बीच उन्होंने अपने पति और ससुर द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिसों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत बयान में, उन्होंने कहा कि वह किसी भी कानूनी दबाव के आगे नहीं झुकेंगी और अपने बच्चों के अधिकारों और न्याय के लिए यह लड़ाई जारी रखेंगी।
सेलिना ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने उन कानूनी नोटिसों का जिक्र किया जो हाल ही में उनके पति और ससुर द्वारा भेजे गए थे। नोटिस में उन पर मानहानि का आरोप लगाया गया है और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि, सेलिना ने बताया कि उन्होंने अपने कानूनी प्रतिनिधि के माध्यम से इन नोटिसों का जवाब दे दिया है।
उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक उनके परिवार से जुड़ी पब्लिसिटी को बढ़ावा दिया गया, जिसमें मैगजीन कवर और इंटरव्यू शामिल थे। लेकिन जब उन्होंने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं और कानूनी संघर्षों के बारे में बात करनी शुरू की, तो उन्हें कानूनी नोटिस भेजे गए। उन्होंने कहा, "ये बच्चे मेरे हैं, मैं उनकी मां हूं और मैं उनके लिए यह लड़ाई जारी रखूंगी।"
सेलिना ने यह भी कहा कि वह हमेशा से ज्वाइंट कस्टडी और आपसी सहमति से तलाक के पक्ष में रही हैं। उन्होंने कई बार शांतिपूर्ण समाधान की कोशिश की, लेकिन कोर्ट के आदेश के बावजूद वह अपने बच्चों से बात नहीं कर पा रही हैं।
उन्होंने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें डर है कि बच्चों को उनकी जानकारी और सहमति के बिना ऑस्ट्रिया और भारत की अदालतों के अधिकार क्षेत्र से बाहर ले जाया जा सकता है। एक मां के रूप में यह उनका अधिकार और जिम्मेदारी है कि वह ऐसी चिंताओं को सार्वजनिक रूप से उठाएं।
पीटर हेग और उनके पिता द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिसों में कहा गया था कि इस मामले में सार्वजनिक आरोप उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिसका असर बच्चों पर पड़ सकता है। हालांकि, सेलिना का कहना है कि ऐसा करके उन्हें बदनाम करने और चुप कराने की कोशिश की जा रही है।
