सोनम कपूर ने दूसरे बच्चे की पहली झलक साझा की
सोनम कपूर का नवजात बेटे का स्वागत
मुंबई। अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा अपने दूसरे बच्चे के जन्म का जश्न मना रहे हैं। हाल ही में, सोनम ने अपने प्रशंसकों के साथ नवजात बच्चे की पहली तस्वीर साझा की है। 29 मार्च 2026 को अपने बेटे का स्वागत करने के कुछ दिन बाद, सोनम ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल से कुछ तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने अस्पताल की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एक भावुक नोट भी लिखा। एक तस्वीर में सोनम अस्पताल के बिस्तर पर आराम करती हुई नजर आ रही हैं, जबकि उन्होंने अपने नवजात बच्चे को, जो सफेद कपड़े में लिपटा हुआ है, प्यार से अपनी गोद में लिया हुआ है। दूसरी तस्वीर में वह अस्पताल में खाना खाते हुए दिखाई दे रही हैं।
सोनम कपूर ने अस्पताल का धन्यवाद करते हुए लिखा कि, जिन्होंने हमारे दूसरे बेटे का स्वागत करने के इस अनुभव को इतना अद्भुत बना दिया। यह सच में हर दृष्टिकोण से बेहतरीन रहा। मेरी OBGYN, डॉ. अवन दादिना का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने मेरी दोनों प्रेग्नेंसी के दौरान मेरा मार्गदर्शन किया है। उनकी देखभाल में एक ऐसा भरोसा, शांति और आश्वासन मिलता है जो बहुत कम देखने को मिलता है, और मैं उनके सहयोग, समझदारी और दयालुता के लिए हमेशा आभारी रहूंगी। उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों की सहानुभूति और पेशेवर रवैये की भी सराहना की और अस्पताल के माहौल की तारीफ की। सोनम ने आगे कहा कि मैं खुद को बेहद आभारी, सुरक्षित और धन्य महसूस कर रही हूं। उस बेहतरीन टीम की आभारी हूं, जिन्होंने हमारी इतनी अच्छी देखभाल की। उनका पहला बच्चा, वायु, 2022 में पैदा हुआ था। सोनम ने नवंबर 2025 में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी और अपने बेबी बंप की तस्वीरें साझा करके प्रशंसकों को खुश कर दिया था।
