उत्तर प्रदेश में 37 करोड़ पौधों का रोपण, नया रिकॉर्ड स्थापित होगा

पौधरोपण महाभियान-2025 का शुभारंभ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' थीम के तहत बुधवार को 37 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा, जो एक नया रिकॉर्ड बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ में 'पौधरोपण महाभियान-2025' का उद्घाटन करेंगे। इस अभियान के लिए 52.43 करोड़ पौधे नर्सरियों और अन्य स्थानों पर तैयार किए गए हैं। सभी मंत्री अपने-अपने जनपदों में पौधरोपण करेंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ में पौधरोपण करेंगे। वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री यहां जनसंवाद भी करेंगे और कार्बन क्रेडिट के तहत सात किसानों को चेक प्रदान करेंगे।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी में, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ में और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे। इसके अलावा, सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्रियों और अन्य राज्यमंत्रियों द्वारा विभिन्न जनपदों में 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत पौधों का रोपण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में होने वाले पौधरोपण महाअभियान-2024 के लिए अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी जनपदों के नोडल अधिकारियों ने मंगलवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस महाअभियान में 26 विभागों और 25 करोड़ नागरिकों की भागीदारी होगी। सभी 18 मंडलों में पौधरोपण किया जाएगा, जिसमें लखनऊ मंडल में सबसे अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
वन, वन्यजीव और पर्यावरण विभाग मिलकर 14 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगा। इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी होगी। अटल वन, एकता वन, एकलव्य वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन, गोपाल आदि वन की स्थापना की जाएगी। सहजन भंडारा के तहत प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवासीय योजना के लाभार्थियों द्वारा सहजन के दो-दो पौधों का रोपण किया जाएगा। 13 प्रमुख नदियों के किनारे कुल 21313.52 हेक्टेयर में 3,56,26,329 पौधे लगाए जाएंगे। सड़क किनारे वन विभाग द्वारा 1.14 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जबकि एक्सप्रेसवे के किनारे 2.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे।