कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का सरस और क्राफ्ट मेला आज से शुरू
गवर्नर प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे मेले का उद्घाटन
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का सरस और क्राफ्ट मेला आज से आरंभ हो रहा है। इस मेले का उद्घाटन हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे। वे शाम को पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और आरती में भी शामिल होंगे। यह मेला इस बार 21 दिनों तक चलेगा, जिसमें 19 राज्यों के 200 से अधिक शिल्पकार भाग ले रहे हैं।
विदेशों से भी पहुंचे शिल्पकार
इस महोत्सव में पहली बार 7 देशों के शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। ये कलाकार अपने देश की पारंपरिक हस्तशिल्प, चित्रकला और सजावटी वस्तुएं लेकर आए हैं। महोत्सव में श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, थाईलैंड, ईरान, इजिप्ट, तुर्कमेनिस्तान और युगांडा की शिल्पकला देखने को मिलेगी।
100 भाषाओं की गीता की प्रदर्शनी
महोत्सव में पहली बार फिजी और त्रिनिदाद एंड टोबेगो से पंडितों का आगमन होगा। ये पंडित 29 नवंबर को होने वाले संत सम्मेलन और 30 नवंबर के देवस्थानम कार्यक्रम में भाग लेंगे। इन सत्रों में गीता पर आधारित भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें टएअ के सहयोग से दुनिया भर की 100 से अधिक भाषाओं में गीता ग्रंथों को प्रदर्शित किया जाएगा।
51 देशों में होंगे कार्यक्रम
पहली बार 51 देशों में महोत्सव के रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो चुका है। इनका लाइव प्रसारण दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगा। यह पहल विदेश मंत्रालय द्वारा की गई है, जो महोत्सव में पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। मध्य प्रदेश को इस महोत्सव का स्टेट पार्टनर बनाया गया है।
मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से, पीएम मोदी करेंगे शिरकत
24 नवंबर से महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम शुरू होंगे और यह 1 दिसंबर तक चलेंगे। इस दौरान 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरु तेगबहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ज्योतिसर, गीता उपदेश स्थली पर होगा।
