चारधाम यात्रा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू
चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन की जानकारी
देहरादून: चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आज सुबह 7 बजे से प्रारंभ हो गया है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से शुरू होगा। उत्तराखंड सरकार ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य कर दिया है। श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन उत्तराखंड सरकार की वेबसाइट रजिस्ट्रेशनडीटूरिस्टकेयर.यूके.जीओवी.इन और मोबाइल ऐप टूरिस्ट केयर उत्तराखंड के माध्यम से कर सकते हैं।
सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट 19 अप्रैल को खुलेंगे। इसके बाद केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे। श्रीहेमकुण्ड साहिब के कपाट खुलने की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
चारधाम यात्रा में शामिल होने के लिए भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी की सुविधा उपलब्ध है। जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके लिए पिछले वर्ष की तरह पंजीकरण काउंटरों की व्यवस्था की गई है। ये काउंटर कपाट खुलने से दो दिन पहले, 17 अप्रैल 2026 से शुरू होंगे। पंजीकरण केंद्र ऋषिकेश, ऋषिकुल ग्राउंड हरिद्वार और विकास नगर देहरादून में खोले जाएंगे।
श्रद्धालु किसी भी जानकारी या समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर संपर्क कर सकते हैं। उत्तराखंड सरकार ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यमुनोत्री से यात्रा शुरू करने पर भक्तों को किसी भी प्रकार की रुकावट का सामना नहीं करना पड़ता। यमुनोत्री, यमुना नदी का उद्गम स्थल है, और मान्यता है कि जो श्रद्धालु यहाँ स्नान करता है, उसे मृत्यु के भय से मुक्ति मिलती है। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के बाबा केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए आने की उम्मीद है।
