रक्षाबंधन 2025: शुभ मुहूर्त और पूजा विधि की जानकारी

रक्षाबंधन का पर्व
सावन के महीने में पूर्णिमा के दिन राखी का त्योहार मनाया जाता है। यह दिन भाई-बहनों के बीच प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की खुशहाली और सफलता की कामना करते हुए उन्हें राखी बांधती हैं। भाई भी इस स्नेह और सम्मान को स्वीकार करते हुए बहनों को जीवनभर उनकी रक्षा का वचन देते हैं। यह पर्व खुशियों का संदेश लेकर आता है। इस वर्ष, रक्षाबंधन का त्योहार 09 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। आइए, जानते हैं इस दिन के शुभ मुहूर्त और पूजा विधि के बारे में...
तिथि और मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल श्रावण माह की पूर्णिमा तिथि 08 अगस्त को दोपहर 02:12 बजे से शुरू होगी और 09 अगस्त को दोपहर 01:21 बजे समाप्त होगी। इस प्रकार, उदयातिथि के अनुसार रक्षाबंधन का पर्व 09 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा।
राखी बांधने का मुहूर्त
इस वर्ष राखी बांधने का शुभ समय सुबह 05:47 बजे से शुरू होकर दोपहर 01:24 बजे तक रहेगा। ध्यान रहे कि सुबह 09:07 से 10:47 बजे तक राहुकाल रहेगा, इसलिए इस समय को छोड़कर अन्य शुभ समय में राखी बांधना उचित रहेगा।
राखी के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04:22 से 05:04 बजे तक है। इसके अलावा, सुबह 05:47 से दोपहर 02:23 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर पूरे दिन सौभाग्य योग का विशेष संयोग रहेगा। दोपहर 12:17 से 12:53 बजे तक अभिजीत मुहूर्त भी है।
पूजन विधि
रक्षाबंधन के दिन सुबह जल्दी स्नान करके एक साफ थाली में रोली, अक्षत, दही, मिठाई और रक्षासूत्र रखें। फिर शुद्ध देसी घी का दीपक जलाकर थाली में रखें। भाई को उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुंह करके बैठाएं। बहन सबसे पहले भाई का तिलक करें और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधते हुए भाई की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आरती उतारें। इसके बाद भाई को मिठाई खिलाएं।