मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा, अमेरिका ने ईरान के हमलों का दिया जवाब
मिडिल ईस्ट में तनाव की नई लहर
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में युद्धविराम के बावजूद तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को जानकारी दी कि उसने ईरान द्वारा क्षेत्रीय देशों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। इसके साथ ही अमेरिका ने आत्मरक्षा का हवाला देते हुए ईरान के केशम द्वीप समूह और गोरुक क्षेत्र में स्थित सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की।
अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) के अनुसार, ईरान ने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि अधिकांश मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में विफल रहीं। कमान के बयान में कहा गया कि कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें या तो लक्ष्य से भटक गईं या रास्ते में ही निष्क्रिय हो गईं। वहीं बहरीन की ओर छोड़ी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा प्रणालियों ने समय रहते मार गिराया। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान के केशम द्वीप और गोरुक क्षेत्र में स्थित रडार सिस्टम, ड्रोन नियंत्रण केंद्रों तथा एयर डिफेंस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत की गई, क्योंकि ईरान ने पहले अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया था और क्षेत्र में नौवहन सुरक्षा के लिए खतरा पैदा किया था।
वहीं, ईरानी मीडिया ने अमेरिकी हमलों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें आक्रामक और उकसावे वाली कार्रवाई बताया है। ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
