योगी आदित्यनाथ ने लॉन्च किया निवेश मित्र 3.0, उत्तर प्रदेश को बनाया निवेश का केंद्र
निवेश मित्र 3.0 का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में जब भी कोई निवेशक उत्तर प्रदेश आता था, तो वह निवेश के मामले में चुप हो जाता था। हमने एक संकल्प लिया और आज उत्तर प्रदेश भारत में निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है। अब यह निवेश का हब है और हम लगातार प्रगति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में मंगलवार को लोक भवन सभागार में निवेश मित्र 3.0 का उद्घाटन किया गया। यह एक उन्नत एआई-आधारित सिंगल विंडो पोर्टल है, जो निवेशकों को 40 से अधिक विभागों की 200 से ज्यादा सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध कराएगा, जिससे उद्योग स्थापना की प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी और तेज हो जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सब्सिडी राशि का हस्तांतरण भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश में निवेश का बेहतरीन गंतव्य बनाने का सपना हमने 9 वर्ष पहले देखा था। आपकी उपस्थिति उस सपने को वास्तविकता में बदल रही है।
निवेश मित्र 3.0 के शुभारंभ हेतु लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/xqZM2VXEGZ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 24, 2026
सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार पर जनता का विश्वास है और हमारी टीम ने उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर परिश्रम किया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश वासियों और युवाओं के सपनों को तोड़ा था, लेकिन अब प्रदेश पूरे देश में उद्यमियों के लिए सबसे पसंदीदा निवेश स्थल बन चुका है। यह विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि डबल इंजन सरकार पर हुआ विश्वास हमारी टीम ने परिश्रम से सार्थक किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को भारत का फूड बास्केट बताते हुए कहा कि बीच के कालखंड में किसान पलायन करने और आत्महत्या करने को मजबूर थे। स्थितियां बहुत खराब थीं, लेकिन पिछले 9 वर्षों में हमने कृषि क्षेत्र को मजबूत किया। भारत की कुल कृषि योग्य भूमि का 11 प्रतिशत उत्तर प्रदेश के पास है, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन में हम 21 प्रतिशत का योगदान कर रहे हैं। 11 प्रतिशत भूमि पर 21 प्रतिशत उत्पादन करके प्रदेश ने खुद को फूड बास्केट के रूप में पुनर्स्थापित कर लिया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश का बेहतरीन गंतव्य बने, पिछले 9 वर्ष में इसके लिए अनेक प्रयास किए गए। मुझे याद है, 2017 में जब हम निवेश की बात करते थे, एक सामान्य शिष्टाचारवश मिलने के लिए भले ही कोई आ जाए लेकिन जब हम प्रदेश के बाहर कहीं जाकर कहते थे कि यूपी आइए निवेश करिये, तो कहते थे यूपी? कुछ लोग चुप हो जाते थे, लेकिन कुछ लोग कहते थे कि हमने 5 साल पहले संकल्प ले लिया था कि यूपी नहीं जाएंगे, लेकिन आप आए हैं तो एक बार प्रयास करेंगे। इतना बोलकर हमारी वार्ता समाप्त हो जाती थी। ये 2017 में सच्चाई थी जिसको हमने फेस किया था..
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत और खासकर उत्तर प्रदेश को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। हाल ही में मुख्यमंत्री के सिंगापुर-जापान दौरे के दौरान उन्हें और कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार को जर्मनी व यूनाइटेड किंगडम जाने का मौका मिला। वहां भारत और उत्तर प्रदेश के प्रति बदलती सकारात्मक धारणा साफ दिखी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्रांति होने वाली है। बहुत सारे काम हो चुके हैं और अभी कई काम बाकी हैं। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में सरकार ने निवेशकों को 17,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की है। पिछली किसी भी सरकार में इतनी बड़ी संख्या में सब्सिडी नहीं दी गई.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 85 निवेशकों को लेटर ऑफ कम्फर्ट, एलिजिबिलिटी प्रमाण पत्र, सब्सिडी और भूमि आवंटन पत्र भी सौंपे। निवेश मित्र 3.0 के साथ ही यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025 और प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स योजना का भी शुभारंभ हुआ। ये योजनाएं पीपीपी मॉडल पर आधारित हैं, जो निवेशकों को तैयार इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराकर तत्काल उत्पादन शुरू करने में मदद करेंगी। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव एसपी गोयल, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार सहित कई मंत्री, अधिकारी और निवेशक मौजूद रहे। निवेश मित्र 3.0 उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पोर्टल निवेश परियोजनाओं को नई रफ्तार देगा और प्रदेश को औद्योगिक हब के रूप में और मजबूत बनाएगा.
