82 वर्षीय महिला ने कमर दर्द से राहत पाने के लिए निगले 8 जिंदा मेंढक

चीन में अंधविश्वास का खतरनाक उदाहरण
बीजिंग: चीन के हांग्जो शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां एक 82 वर्षीय महिला, जो कमर दर्द से परेशान थीं, ने एक खतरनाक घरेलू उपाय अपनाया। दर्द से राहत पाने के लिए उन्होंने 8 जिंदा मेंढक निगल लिए।
‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, झांग नाम की यह महिला लंबे समय से हर्नियेटेड डिस्क के कारण पीड़ित थीं। किसी ने उन्हें सलाह दी कि जिंदा मेंढक निगलने से उनका दर्द समाप्त हो जाएगा। इस अंधविश्वास में आकर उन्होंने बिना सोचे-समझे आठ छोटे मेंढक मंगवाए और उन्हें निगल लिया।
हालांकि, दर्द में कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि उनकी स्थिति और बिगड़ गई। कुछ समय बाद, उन्हें पेट में तेज दर्द महसूस हुआ और पाचन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
जब महिला के बेटे ने डॉक्टरों को बताया कि उनकी मां ने 8 जिंदा मेंढक निगले हैं, तो चिकित्सक भी चौंक गए। जांच में पता चला कि मेंढकों के कारण महिला के शरीर में ‘स्पार्गनम’ नामक एक खतरनाक परजीवी घुस गया था। इस संक्रमण के चलते उनका पाचन तंत्र गंभीर रूप से प्रभावित हो गया था और खून में परजीवी संक्रमण के संकेत देने वाली कोशिकाएं भी बढ़ गई थीं।