ISIC ने लॉन्च किया स्मार्ट SOS डिवाइस, जो मेडिकल इमरजेंसी में अस्पताल को तुरंत अलर्ट करेगा
नई स्वास्थ्य तकनीक का आगाज़
नई दिल्ली: स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर (ISIC) ने डॉक्टर रिंग के सहयोग से एक नया पहनने योग्य SOS इमरजेंसी रिस्पांस डिवाइस पेश किया है। इसे देश का पहला हॉस्पिटल-इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम बताया जा रहा है।
यह स्मार्ट डिवाइस मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से अस्पताल के इमरजेंसी सिस्टम से सीधे जुड़ा रहता है। जब उपयोगकर्ता सीने में दर्द, गिरने, सांस लेने में कठिनाई, पैनिक अटैक या किसी अन्य मेडिकल आपात स्थिति का सामना करता है, तो यह तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी टीम को सूचित कर देता है।
ISIC के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. आशीष चंद्रा ने बताया कि SOS बटन दबाने पर सिस्टम सक्रिय हो जाता है और मरीज को सीधे अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर से जोड़ता है। आवश्यकता पड़ने पर यह एम्बुलेंस सेवा, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स और मेडिकल एस्केलेशन प्रक्रिया को भी स्वतः सक्रिय कर सकता है।
उन्होंने कहा कि यह इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पांस सर्विसेज इकोसिस्टम विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, सर्जरी के बाद स्वस्थ हो रहे मरीजों और उन लोगों के लिए विकसित किया गया है, जिन्हें निरंतर स्वास्थ्य निगरानी की आवश्यकता होती है।
डॉक्टर रिंग के डॉ. शिव कुमार ने कहा कि यह तकनीक मेडिकल इमरजेंसी के दौरान समय पर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों को चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़े रखना और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना है।
