अरशद वारसी और उनकी पत्नी पर SEBI का बड़ा एक्शन: 58 करोड़ का Pump and Dump Scam

अरशद वारसी और Pump and Dump Scam
Pump and Dump Scam: बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी, उनकी पत्नी मारिया गोरेट्टी और 57 अन्य व्यक्तियों के लिए शुक्रवार का दिन शेयर बाजार में काला साबित हुआ। इन सभी पर करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया गया है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने इन सभी को शेयर बाजार में Pump and Dump Scam (हेराफेरी) में दोषी ठहराया है। सेबी के अनुसार, आरोपियों ने 58.01 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। सेबी ने अरशद वारसी और उनकी पत्नी पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उन्हें एक साल तक शेयर बाजार से प्रतिबंधित कर दिया है।
सेबी का दावा है कि अभिनेता ने शेयर बाजार में ट्रेडिंग के जरिए 41.70 लाख रुपये और उनकी पत्नी ने 50.35 लाख रुपये का लाभ कमाया। इसके अलावा, सेबी ने 57 संस्थाओं पर भी 5 लाख से 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया है। सेबी ने दोषियों को 58.01 करोड़ रुपये लौटाने के साथ-साथ जांच अवधि के अंत से लेकर पूरा भुगतान होने तक 12% वार्षिक ब्याज चुकाने का आदेश दिया है। आइए जानते हैं कि यह Pump and Dump Scam क्या है?
Pump and Dump Scam क्या होता है?
शेयर बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार, पंप एंड डंप एक प्रकार की धोखाधड़ी है, जिसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया जाता है। इस स्कैम में कुछ ट्रेडर जानबूझकर किसी शेयर की कीमत को बढ़ाते हैं, जिसे Pump करना कहा जाता है। इसके बाद, ये लोग उस शेयर को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं, जिसे बाजार में Dump कहा जाता है।
Pump and Dump Scam के जरिए धोखाधड़ी कैसे होती है?
जानकारी के अनुसार, जालसाज पहले बाजार से किसी भी शेयर को खरीदते हैं। धोखेबाज बेहद कम कीमत वाले शेयर (पैनी स्टॉक) को सस्ते में खरीदते हैं, फिर सोशल मीडिया जैसे यूट्यूब, व्हाट्सएप आदि पर उस शेयर के बारे में झूठा प्रचार करते हैं। इससे निवेशकों को लगता है कि निकट भविष्य में ये शेयर मुनाफा देंगे, और वे इसे खरीदने लगते हैं।
शेयर की कीमत बढ़ने पर क्या होता है?
झूठे प्रचार से शेयर की कीमत अचानक बढ़ जाती है। जब कई लोग शेयर खरीदते हैं, तो उसकी कीमत तेजी से बढ़ती है। ऐसे में धोखेबाज उस शेयर को ऊंची कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। जब वे शेयर बेचकर निकल जाते हैं, तो शेयर की कीमत अचानक गिर जाती है, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान होता है। इस पूरे खेल को शेयर बाजार में पंप एंड डंप कहा जाता है।
SEBI के नियम और बचाव के उपाय
SEBI पंप एंड डंप को धोखाधड़ी की श्रेणी में रखती है। इस तरह के घोटाले करने पर SEBI दोषियों पर प्रतिबंध और भारी जुर्माना लगाती है। SEBI समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है। आम निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे पेनी स्टॉक्स या क्रिप्टोकरेंसी खरीदने में जल्दबाजी न करें। इसके अलावा, यदि किसी शेयर की कीमत असामान्य रूप से बढ़ती है, तो उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही खरीदें।