जालंधर कैंट स्टेशन पर रुकेगी नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस

नई सुविधा से श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली/जालंधर – जालंधर कैंट स्टेशन पर नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस अब रुकेगी। स्थानीय निवासियों की लंबे समय से यह मांग थी कि इस ट्रेन का जालंधर स्टेशन पर ठहराव किया जाए, ताकि जालंधर, होशियारपुर, नकोदर, कपूरथला और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु आसानी से माता वैष्णो देवी कटरा जा सकें। यह मांग अब पूरी हो गई है। रेलवे बोर्ड ने एक आधिकारिक पत्र जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि ट्रेन संख्या 22439 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा और 22440 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस अब जालंधर कैंट स्टेशन पर रुकेगी।
ट्रेन संख्या 22439 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा जालंधर कैंट स्टेशन पर सुबह 10:04 बजे पहुंचेगी और 10:06 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22440 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6:51 बजे जालंधर कैंट स्टेशन पर पहुंचेगी और 6:53 बजे रवाना होगी। इस नए ठहराव के कारण, ट्रेन संख्या 22439 जम्मू संभाग के भोगपुर स्टेशन पर 5 मिनट की देरी से पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 22440 अंबाला संभाग के शानेवाल स्टेशन पर भी 5 मिनट की देरी से पहुंचेगी। ठहराव के बाद, ट्रेन 22439/22440 के समय को जम्मू और अंबाला संभाग की समय सारणी के अनुसार समायोजित किया जाएगा।