दिल्ली में मौसम का हाल: गर्मी से राहत की उम्मीद, बारिश की संभावना

दिल्ली में मौसम की स्थिति
दिल्ली मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को आज थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले चार दिनों से लू की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन शुक्रवार को तापमान में कुछ कमी आई। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटों की संभावना जताई है। इसके साथ ही, बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है, जो कुछ समय के लिए 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं।
तापमान में गिरावट
हालांकि शुक्रवार को तापमान में गिरावट आई, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान में कमी आई, लेकिन न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई, जिससे हीट इंडेक्स यानी असली गर्मी का अहसास 51.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
तापमान में बदलाव
आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। गुरुवार को यह 43.9 डिग्री सेल्सियस था। यानी एक दिन में तापमान में करीब 2.7 डिग्री की गिरावट आई। राजधानी के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में उल्लेखनीय कमी देखी गई। रिज वेधशाला में सबसे ज्यादा 4.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। वहीं, अयनागर, लोधी रोड और पालम में क्रमशः 3.6, 3.7 और 3.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
रात के तापमान में वृद्धि
जहां दिन के तापमान में गिरावट आई, वहीं रात का तापमान बढ़ता दिखा। सफदरजंग में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार के मुकाबले 0.3 डिग्री ज्यादा था और सामान्य से करीब 3 डिग्री ऊपर रहा। बुधवार को यह तापमान 27.2 डिग्री था। नमी का स्तर दिन भर 51% से 69% के बीच बना रहा, जिसके चलते राजधानीवासियों को चिपचिपी और असहनीय गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर 2:30 बजे हीट इंडेक्स 51.5 डिग्री तक पहुंच गया।
बारिश और हवाओं से राहत की उम्मीद
आईएमडी ने शनिवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में और गिरावट आएगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 14 जून से लू की स्थिति समाप्त होने की उम्मीद जताई गई है, जिससे राजधानी में राहत मिलने की संभावना है।