प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का उद्घाटन किया
मेरठ में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का शुभारंभ
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो यात्रा की। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज एक ही दिन नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का शुभारंभ हो रहा है, जो विकसित भारत की कनेक्टिविटी का एक अद्भुत उदाहरण है। यह मेट्रो शहर के भीतर यात्रा को सुगम बनाएगी और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें twin city के विकास में सहायक होंगी। मुझे गर्व है कि यह कार्य उत्तर प्रदेश में हुआ है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि पहले शाम होते ही यहां सन्नाटा छा जाता था और डर का माहौल होता था। अब कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और लोगों को सुरक्षित यात्रा का माध्यम मिला है। नमो भारत रैपिड रेल नारीशक्ति का प्रतीक भी है, क्योंकि इसमें ट्रेन ऑपरेटर और स्टेशन कंट्रोल स्टाफ में अधिकांश महिलाएं कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि भारत अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर है। यूपी में मेरठ के अलावा कई अन्य शहरों में भी मेट्रो का कार्य चल रहा है। पिछले 11 वर्षों में देश के कई शहरों में मेट्रो पहुंची है, क्योंकि भाजपा सरकार जनता को सुविधाएं प्रदान करना चाहती है। कांग्रेस और सपा के समय में ऐसे प्रोजेक्ट्स घोटालों में फंस जाते थे। हमने घोटालों को रोका और देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया। भाजपा की प्राथमिकता देश का विकास और नागरिकों की समृद्धि है।
पीएम मोदी ने कहा कि सराय कालेखां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ के स्टेशनों को आपस में जोड़ा गया है। यह पहली बार है जब एक ही स्टेशन पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेंगी। इससे यात्री एक ही प्लेटफॉर्म से शहर के भीतर और सीधे दिल्ली तक यात्रा कर सकेंगे। आज विकसित देश भारत के साथ व्यापारिक समझौते करने के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि उन्हें भारत के विकास में अपना भविष्य नजर आता है।
उन्होंने कहा कि मेरठ, हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों ने चौधरी चरण सिंह जी के विजन को देखा है। हमारी सरकार को गर्व है कि हमने उन्हें भारत रत्न दिया। भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अब तक यूपी के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 95 हजार करोड़ रुपए मिल चुके हैं।
एक ओर जहां देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं, वहीं कुछ राजनीतिक दल इसकी सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। हाल ही में भारत में AI Impact Summit का आयोजन हुआ, जिसमें 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कांग्रेस ने इस वैश्विक आयोजन को अपनी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंचे। मैं कांग्रेस से पूछता हूं कि जब आप पहले से ही नंगे हैं, तो कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी?
पीएम ने कहा कि AI Global Summit भाजपा का नहीं, बल्कि देश का कार्यक्रम था। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में मर्यादाएं तोड़ी हैं, और आज पूरे देश में उनकी इस नीति पर थू-थू हो रही है।
