मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 13 की मौत
मथुरा में दर्दनाक सड़क दुर्घटना
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। घने कोहरे के कारण सात बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुआवजे की घोषणा की है।
जान गंवाने वालों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में लोगों की जान जाने का दुख बहुत गहरा है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।"
इस भीषण हादसे में 13 लोगों की जान गई। यह घटना 7 बसों और 3 छोटी गाड़ियों के बीच हुई थी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ियों में आग लग गई। हादसे के बाद 70 लोगों को जलती हुई गाड़ियों से सुरक्षित निकाला गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन हर संभव मदद प्रदान कर रहा है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहले एक दुर्घटना हुई, जिसके बाद तीन से छह बसों में आग लग गई। हादसे के समय बसें पूरी तरह भरी हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि वह हादसे के समय सो रहा था, जब अचानक जोरदार आवाज आई और आग फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
