लुधियाना में किसान से 3.72 करोड़ की ठगी, तीन बैंक कर्मचारी गिरफ्तार
किसान को ठगने वाले तीन आरोपी पकड़े गए
लुधियाना खन्ना साइबर थाना पुलिस ने एक गंभीर मामले का खुलासा किया है जिसमें तीन बैंक कर्मचारियों ने एक किसान से 3.72 करोड़ रुपये की ठगी की। आरोपियों ने इस धोखाधड़ी को साइबर माध्यम से अंजाम दिया और किसान को बार-बार पैसे भेजने के लिए मजबूर किया।
किसान की सीमित जानकारी के कारण वह उनकी बातों में आकर बड़ी राशि उनके खाते में ट्रांसफर करता रहा। अब खन्ना साइबर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, और किसान को उम्मीद है कि उसकी मेहनत की कमाई उसे वापस मिलेगी।
किसान को कैसे फंसाया गया
आरोपियों ने किसान को फॉरेक्स ट्रेडिंग का लालच देकर पैसे की मांग की। इनमें आईडीएफसी बैंक के कर्मचारी समक्ष भट्ट, बलदेव सिंह और गुरजंट सिंह शामिल हैं। माछीवाड़ा साहिब के किसान संजीव पांधी को एक युवती ने टेलीग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग का झांसा देकर फंसाया। युवती ने उसके लिए एक ट्रेडिंग अकाउंट खोला।
शुरुआत में किसान से 1.04 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए गए। ठगों ने किसान के खाते में 3.66 करोड़ रुपये का फर्जी मुनाफा दिखाया। जब किसान ने यह राशि निकालने की कोशिश की, तो उससे 24 लाख रुपये टैक्स के नाम पर ले लिए गए। इसके बाद खाता फ्रीज होने का बहाना बनाकर 80 लाख रुपये और मांगे गए।
किसान की मेहनत की कमाई गई ठगी
किसान ने अपनी पहली राशि बचाने के लिए आरोपियों की मांग पर और पैसे ट्रांसफर किए। 10 फरवरी 2025 तक वह कुल 3 करोड़ 72 लाख 84 हजार 999 रुपये गंवा चुका था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
