हरियाणा में ठंड का असर: तापमान में 7 डिग्री की गिरावट
उत्तर-पश्चिमी हवाओं से तापमान में कमी
हरियाणा मौसम अपडेट, चंडीगढ़: हरियाणा में अब दिन के समय भी ठंड बढ़ने लगी है। इसका मुख्य कारण पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है। प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। गुरुवार को हरियाणा में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की कमी आई। बुधवार को जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास था, वहीं अब यह 10 डिग्री से नीचे चला गया है।
यमुनानगर का तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम
यमुनानगर जिले में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम है। वहीं, सोनीपत में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसका कारण उत्तर-पश्चिमी हवाएं बताई जा रही हैं।
सोनीपत और हिसार की रात सबसे ठंडी
हरियाणा में गुरुवार की रात सोनीपत और हिसार सबसे ठंडी रही। हिसार में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। महेंद्रगढ़ और नारनौल में तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो हिसार में 27.6, गुरुग्राम में 25.4, अंबाला में 28.2, पानीपत में 27.2 और यमुनानगर में 24.3 डिग्री दर्ज किया गया।
9 नवंबर तक मौसम रहेगा खुश्क
हाल ही में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी बढ़ी है और बर्फबारी के साथ उत्तरी हवाएं मैदानों की ओर बढ़ रही हैं। इससे तापमान में गिरावट देखी जा रही है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 9 नवंबर तक हरियाणा में मौसम खुश्क रहने की संभावना है।
