हरियाणा में बारिश का आॅरेंज अलर्ट: महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल प्रभावित

27 अगस्त से बारिश में कमी की संभावना
Haryana Weather Update:, चंडीगढ़: मौसम विभाग ने हरियाणा के चार जिलों में बारिश के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं, जहां मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा, राज्य के अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है।
यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। 26 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन 27 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है।
बारिश का आंकड़ा
इस सीजन में यमुनानगर में 865.1 एमएम और महेंद्रगढ़ में 566.6 एमएम बारिश हुई है, जबकि सिरसा में केवल 162.3 एमएम और कैथल में 174.7 एमएम बारिश दर्ज की गई है। हरियाणा में अब तक सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। 23 अगस्त तक औसतन 317.7 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 348.7 एमएम बारिश हो चुकी है।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून टर्फ मध्य भारत से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते 24 से 26 अगस्त के बीच राज्य में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
हथिनीकुंड बैराज का जलस्तर
हथिनीकुंड बैराज का जलस्तर घट रहा है। शनिवार शाम को यहां जलस्तर 44 हजार क्यूसेक दर्ज किया गया, जिसमें से यमुना नदी में 29479 क्यूसेक, पश्चिमी यमुना नहर में 13010 क्यूसेक और उत्तर प्रदेश को 1510 क्यूसेक पानी की सप्लाई की गई।