CISCE बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित, ओजस्वित पासरीचा बने राष्ट्रीय टॉपर
CISCE बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026
CISCE बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026: भारतीय विद्यालय प्रमाण पत्र परीक्षा परिषद (CISCE) ने आज सुबह 11 बजे ICSE (कक्षा 10) और ISC (कक्षा 12) के परिणामों की घोषणा की। इस परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे लाखों छात्रों ने फरवरी से अप्रैल के बीच परीक्षा दी थी। छात्र अपने परिणाम और ऑनलाइन मार्कशीट को आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर देख सकते हैं।
शीलिंग हाउस स्कूल (कानपुर) के छात्र ओजस्वित पासरीचा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में सभी विषयों में 100 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय टॉपर का खिताब जीता है। ओजस्वित ने सभी विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल कर एक अद्वितीय रिकॉर्ड स्थापित किया है, जो आईएससी बोर्ड के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने न केवल अपने स्कूल का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे कानपुर शहर का मान भी बढ़ाया है। शीलिंग हाउस स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने ओजस्वित की इस असाधारण सफलता पर गर्व व्यक्त किया है।
चिंटल्स स्कूल का प्रदर्शन
चिंटल्स स्कूल के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कक्षा 12 की छात्रा यशी सचान ने 99.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया, जबकि कक्षा 10 के छात्र आदि अरोड़ा ने 99.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। आईसीएसई कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च तक और आईएससी कक्षा 12 की परीक्षाएं 12 फरवरी से 3 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं।
रिजल्ट की जांच करते समय ध्यान दें
रिजल्ट देखने के बाद छात्रों को अपनी मार्कशीट में सभी जानकारी को ध्यान से चेक करना चाहिए, जैसे नाम, यूनिक आईडी नंबर, जन्म तिथि, स्कूल का नाम, हर विषय के अंक, ग्रेड, पास या फेल की स्थिति और कुल प्रतिशत। यदि कोई टिप्पणी हो, तो उसे भी ध्यान से पढ़ें ताकि किसी गलती को समय पर ठीक किया जा सके।
उत्तीर्ण होने के लिए आवश्यक अंक
आईसीएसई कक्षा 10 की परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि आईएससी कक्षा 12 के छात्रों के लिए यह सीमा 40 प्रतिशत है। जो छात्र एक या दो विषयों में पासिंग मार्क्स नहीं प्राप्त कर पाते, उन्हें सुधार परीक्षा (इम्प्रूवमेंट एग्जाम) देने का अवसर मिलेगा।
पिछले वर्ष का परिणाम
पिछले वर्ष 2025 में CISCE ने 30 अप्रैल को 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं के परिणाम जारी किए थे। उस समय ISC (12वीं) का पास प्रतिशत 99.02% और ICSE (10वीं) का पास प्रतिशत 99.09% रहा था।
