Newzfatafatlogo

संभल हिंसा : लंबी दाढ़ी वाले आरोपित की पहचान के लिए दूसरे जिले में खोजबीन जारी : पुलिस अधीक्षक

 | 
संभल हिंसा : लंबी दाढ़ी वाले आरोपित की पहचान के लिए दूसरे जिले में खोजबीन जारी : पुलिस अधीक्षक


संभल, 22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के संभल में तीन माह पूर्व हुई हिंसा में भीड़ को उकसाने वाले लंबी दाढ़ी वाले शख्स की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। इस घटना के करीब 77 आरोपित उपद्रवियों को पुलिस गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है, जिसमें चार आरोपित महिलाएं भी शामिल हैं।

जिले में विवादित जामा मस्जिद व हरिहरनाथ नाथ मंदिर में 24 नवम्बर 2024 को सर्वे के दौरान तीन स्थानों पर हिंसा और बवाल हुआ था। पहला बवाल विवादित जामा मस्जिद के नजदीक हुआ था, जहां पांच लोगों की जान गई थी। दूसरा बवाल नखासा तिराहे पर हुआ था, जहां पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई थी। इसके बाद तीसरी हिंसा हिंदूपुरा खेड़ा में हुई थी। यहां पुलिस के अधिकारियों पर जानलेवा हमला किया गया था।

इस घटना के बाद लंबी दाढ़ी वाले एक आरोपित शख्स का वीडियो सामने आया था, जिसमें यह नारेबाजी करते हुए और लोगों को आगे बुलाते हुए कैद हो गया था। इससे यह भी स्पष्ट हुआ था कि यह आरोपित अकेला नहीं था, इसके साथ अन्य लोग भी थे।

संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने शनिवार को बताया कि 24 नवम्बर 2024 की सुबह सर्वे के दौरान दाढ़ी वाला शख्स भीड़ में सबसे पहले उग्र हुआ था। सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा कराए गए हैं, लेकिन आरोपित की पहचान नहीं हो सकी है। इसकी पहचान के लिए दूसरे जिले में भी खोजबीन कराई जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साफ चेहरा दिखने के बाद भी पुलिस व खुफिया तंत्र इस आरोपित की तलाश नहीं कर पाई। अभी तक पुलिस को इस आरोपित के बारे में कोई सूचना भी नहीं मिली है। माना जा रहा है कि यह आरोपित दूसरे जिले का है। ऐसे में पुलिस दूसरे जिले की पुलिस से भी संपर्क कर रही है, जिससे आरोपित की पहचान हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल