Newzfatafatlogo

कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मिला, श्रम सुधारों के लिए जताया आभार

 | 
कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मिला, श्रम सुधारों के लिए जताया आभार


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय सार्वजनिक क्षेत्र कर्मचारी महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से नॉर्थ ब्लॉक स्थित उनके डीओपीटी कार्यालय में मुलाकात की और पेंशन योजना के विभिन्न विकल्पों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।

कर्मचारी महासंघ (एनपीएसईएफ) के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में हाल ही में किए गए संशोधनों के लिए डॉ. सिंह की सराहना की, जिसमें सरकार के अंशदान में 10% से 14% की वृद्धि जैसे प्रमुख संवर्द्धन शामिल हैं। यह कदम कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत है, जो उन्हें उनके सेवानिवृत्ति के वर्षों में अधिक वित्तीय सुरक्षा प्रदान करता है। महासंघ ने एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) की शुरुआत के लिए भी आभार व्यक्त किया, जिसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कर्मचारियों के लिए बेहतर प्रबंधन और अधिक लाभ के लिए पेंशन योजनाओं को सुव्यवस्थित करना है।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनभोगियों और कर्मचारियों के कल्याण के लिए मंत्री के प्रयासों और प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त किया। महासंघ ने पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) की उसके सक्रिय दृष्टिकोण और महत्वपूर्ण पहलों के लिए सराहना की, जिससे पेंशन प्रणाली में काफी सुधार हुआ है।

मंत्री डॉ. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को एनपीएस और यूपीएस दोनों के लाभों के बारे में जानकारी दी और उनसे आग्रह किया कि वे अपनी पेंशन योजनाओं के बारे में सावधानीपूर्वक आकलन करें और सही निर्णय लें। उन्होंने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता कर्मचारियों का कल्याण है और हाल ही में किए गए ये सुधार अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और लाभकारी पेंशन प्रणाली प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रौद्योगिकी-संचालित समाधानों और हाल ही में किए गए पेंशन सुधारों के अपार लाभों को साझा किया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने पेंशनभोगियों और कर्मचारियों की जरूरतों और चिंताओं को व्यापक रूप से संबोधित करने के लिए सरकार और कर्मचारी संघों के बीच निरंतर संवाद के महत्व पर जोर देते हुए महासंघ को आगे बढ़ने का रास्ता भी बताया। महासंघ की ओर से डॉ. मनजीत सिंह पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, आशीष सिंह, अध्यक्ष आयुध कर्मचारी संघ, मुरादनगर, मनीष प्रजापति, दिल्ली नर्स फेडरेशन, संजीव वर्मा, अध्यक्ष, इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ, विनोद यादव, सचिव दिल्ली शिक्षक संघ और मोहम्मद इकबाल कासिम, अरुण वर्मा, श्याम सुंदर बैठक में मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव