Newzfatafatlogo

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिटः विदेशी निवेशकों ने की भारत व मध्यप्रदेश की सराहना

 | 
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिटः विदेशी निवेशकों ने की भारत व मध्यप्रदेश की सराहना


भोपाल, 25 फरवरी (हि.स.)। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के कंट्री सेशन में विदेशी निवेशकों ने भारत और मध्य प्रदेश की मुक्तकंठ से सराहना की। इस मौके पर रवांडा के प्रतिनिधि जेकलीन मुकन्गिरा ने कहा कि भारत वैश्विक निवेश के लिये प्रतिनिधि देश है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विशेष रूप से मध्य प्रदेश में हर क्षेत्र में निवेश के लिये असीम संभावनाएं हैं। जुलाई 2018 में प्रधानमंत्री मोदी रवांडा आए थे। उसके बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, वाणिज्य, उद्योग में सहभागिता बढ़ी है। दोनों देशों के मधुर संबंध हैं। रक्षा, कृषि, अधोसंरचना के क्षेत्र में अधिक संभावनाएं है। रवांडा के राष्ट्रपति ने भी पांच बार भारत की यात्रा की है।

जेकलीन मुकन्गिरा भोपाल में आयोजित दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दूसरे दिन मंगलवार को कंट्री सेशन में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस सत्र के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रशंसा की तथा कहा कि हमारा देश भारत और मध्य प्रदेश के साथ व्यापार, वाणिज्य एवं औद्योगिक संबंधों को आगे बढ़ाना चाहता है। सत्र में नौ देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें नार्वे, जिम्बाब्वे, थाईलेंड, नेपाल, रवांडा, पोलेंड, लूसोथो, फिजी और साउथ अफ्रीका के प्रतिनिधि शामिल हुए।

भोपाल-मध्य प्रदेश में हुए सत्कार से अभिभूत हूँ : सेबेस्टीयन

पौलेंड के प्रतिनिधि सेबेस्टीयन डुबोलोस्की ने कहा कि मैं भोपाल (मध्य प्रदेश) में हुए सत्कार से अभिभूत हूँ। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में सबकुछ मुमकिन है। गत वर्ष मोदी पौलेंड गये थे। उसके बाद से वहां विकास के नए अवसर खुले है। पोलेंड में व्यापार और निवेश अत्यंत आसान है।

फिजी एक छोटा हिन्दुस्तान है : जगन्नाथ सामी

फिजी के प्रतिनिधि जगन्नाथ सामी ने कहा कि भारत के साथ हमारे बहुत अच्छे रिश्ते हैं। फिजी एक छोटा हिन्दुस्तान है। इस रिश्ते की शुरूआत वर्ष 1879 में हुई जब भारत से 60 हजार व्यक्ति गन्ने की खेती करने फिजी आए, उनमें से 40 हजार व्यक्ति वहीं रह गये। आज भी फिजी की जनसंख्या में 33 प्रतिशत अनिवासी भारतीय हैं। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी फिजी आए थे। भारत द्वारा फिजी में 100 बिस्तरीय आधुनिक चिकित्सालय बनवाया जा रहा है। कृषि, ऊर्जा, वन, स्वास्थ्य, विनिर्माण, मत्स्य पालन, खनन आदि क्षेत्रों में दोनों के बीच व्यापार व्यवसाय और निवेश की बड़ी संभावनाएं है।

टेक्सटाइल और नवकरणीय ऊर्जा में मध्य प्रदेश की सहभागिता महत्वपूर्ण: वेलेंटीन

लैसोथो की प्रतिनिधि लेबोहेंग वेलेंटीन ने कहा कि टैक्सटाइल और नवकरणीय ऊर्जा में मध्य प्रदेश की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

विश्व सभ्यता को भारत का अमूल्य योगदान : एरिक गुडब्रांड

नार्वे के प्रतिनिधि एरिक गुडब्रांड ने कहा कि यह विश्व सभ्यता को भारत का अमूल्य योगदान है। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ की सराहना करते हुए कहा कि विश्व का अद्भुत आयोजन है। उन्होंने भी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ लिया है। जीआईएस में प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाओं का उल्लेख किया।

मध्य प्रदेश में प्रारंभ हुआ विक्रम संवत नेपाल में चलता है : डॉ. शंकर प्रसाद

नेपाल के प्रतिनिधि डॉ. शंकर प्रसाद ने कहा कि उज्जैन से विक्रम संवत का प्रारंभ हुआ। आज भी नेपाल में अंग्रेजी (ग्रेगेरियन) कैलेण्डर नहीं बल्कि विक्रम संवत प्रचलन में है। यह भारतीय संस्कृति के प्रति हमारी अटूट आस्था को प्रकट करता है। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक ज्योतिर्लिंग श्री पशुपतिनाथ काडमांडू नेपाल में है। नेपाली और हिन्दी दोनों भाषाएं संस्कृत से निकली हैं। नेपाल बुद्ध सर्किट, रामायण सर्किट का हिस्सा है और अब शिव सर्किट का भी हिस्सा बनने वाला है। नेपाल में बनी चीजें ड्यूटी-फ्री और कोटा-फ्री है। यहां आने के लिये पासपोर्ट और वीजा नहीं लगता है। नेपाल के साथ भारत और मध्यप्रदेश के व्यापार और निवेश को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

भोपाल अतुलनीय भारत का हृदय है : केथुशेलो

साउथ अफ्रीका के प्रतिनिधि केथुशेलो ने कहा कि भोपाल अतुलनीय भारत का हृदय है। भारत और साउथ अफ्रीका के बहुत अच्छे व्यापार संबंध है। वर्तमान में छोटी-बड़ी लगभग 100 भारतीय कम्पनियां साउथ अफ्रीका में कार्य कर रही हैं। जीआईएस में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन अत्यंत प्रेरणादायी था। तकनीकी और टैक्सटाइल के क्षेत्र में साउथ अफ्रीका मध्यप्रदेश के साथ कार्य करने के लिये उत्सुक है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर