महाकुंभ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का अद्वितीय संगम: जेपी नड्डा








भाजपा अध्यक्ष ने गंगा मइया को नारियल, चुनरी अर्पित कर की लोककल्याण की कामना
महाकुम्भनगर,22 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को सपरिवार पवित्र त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। साथ ही गंगा मइया को चुनरी अर्पित करके लोककल्याण की कामना भी की।
जेपी नड्डा परिवार समेत शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां महाकुम्भ नगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत सभी नेतागण अरैल घाट से फ्लोटिंग जेटी के जरिए संगम पहुंचे। यहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और अपने परिवार के साथ साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया।
इसके बाद जेपी नड्डा ने पत्नी एवं परिजनों संग विधि-विधान से संगम में पावन डुबकी लगाई। फिर विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा अर्चना की। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' और सतुआ बाबा ने भी संगम स्नान किया। इस दौरान मौजूद जनता ने भी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का जय श्रीराम व गंगा मइया की जय के जयघोष से अभिवावदन किया। इस पुण्य अवसर पर माँ गंगा, माँ यमुना और माँ सरस्वती जी का सपरिवार पूजन कर समस्त देशवासियों की सुख, समृद्धि और सौभाग्य के लिए प्रार्थना की।
संगम स्नान के बाद सभी नेताओं के साथ जेपी नड्डा बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां लेटे हनुमानजी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अक्षयवट का भी दर्शन-पूजन कर समस्त देशवासियों के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
महाकुंभ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का अद्वितीय संगम
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि आज तीर्थराज प्रयागराज में सनातन संस्कृति के भव्य, दिव्य और वैभव के प्रतीक व सामाजिक समरसता के अनुष्ठान महाकुंभ में पुण्यदायी त्रिवेणी संगम में सपरिवार आस्था की डुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आगे उन्होंने लिखा पवित्र महाकुंभ के माध्यम से हमारी महान प्राचीन परंपरा और समावेशी संस्कृति से सम्पूर्ण विश्व साक्षात्कार कर रहा है। तीर्थराज प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर आयोजित यह ऐतिहासिक महाकुंभ अनुष्ठान हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, एकता और सांस्कृतिक विरासत का अद्वितीय संगम है। महाकुंभ हमारी पावन सनातन संस्कृति की चिरंतन धर्मधारा है। प्रयागराज में संगम तट पर स्थित अक्षयवट अपनी अमरता और स्थायित्व के लिए परम पूजनीय है। प्राचीनकाल से स्थित आध्यात्मिकता, ध्यान व भक्ति का केंद्र पवित्र अक्षयवट का दर्शन व पूजन कर समस्त देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन