NEET UG 2026 परीक्षा शुल्क वापसी की समय सीमा बढ़ी
NEET UG 2026 परीक्षा शुल्क वापसी का अपडेट
NEET UG 2026 परीक्षा शुल्क वापसी : नीट यूजी 2026 परीक्षा से जुड़े सभी छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने परीक्षा शुल्क की वापसी के लिए बैंक विवरण जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दिया है। यह निर्णय उन छात्रों की सुविधा के लिए लिया गया है, जिन्होंने अब तक अपने बैंक विवरण नहीं दिए हैं।
नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के कारण एनटीए ने 12 मई को परीक्षा को रद्द कर दिया। इसके बाद, एजेंसी ने 21 जून को पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया। एनटीए ने पहले ही स्पष्ट किया था कि री-एग्जाम के लिए छात्रों से कोई नया परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी।
समय सीमा पहले 26 मई थी
एनटीए ने 22 मई से 26 मई तक छात्रों को नीट यूजी 2026 पोर्टल पर बैंक विवरण जमा करने की सुविधा दी थी। हालांकि, बड़ी संख्या में छात्र अब भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। एजेंसी के अनुसार, अब तक लगभग 13 लाख छात्रों ने अपने बैंक विवरण अपडेट कर लिए हैं।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोटिस जारी करते हुए कहा कि जिन छात्रों ने अब तक बैंक विवरण नहीं दिए हैं, उन्हें अतिरिक्त समय देने के लिए यह सुविधा 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक बढ़ाई जा रही है। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नीट यूजी 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन करके रिफंड लिंक के माध्यम से अपने बैंक विवरण सही तरीके से भरें। छात्र चाहें तो जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं।
21 जून को होगी परीक्षा
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक विवरण जमा होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी। इसलिए छात्रों को सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है। इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। वर्तमान में पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है और 21 जून को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।
