भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा: प्रधानमंत्री

नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में कहा कि विश्व बैंक ने भरोसा जताया है कि भारत आने वाले वर्षों में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा अवसर पहली बार आया है जब पूरी दुनिया भारत के लिए इतनी आशावादी है। पूरी दुनिया में चाहे सामान्य जन हो, अर्थनीति के विशेषज्ञ हो, विभिन्न देश हो या फिर संस्थान इन सभी को भारत से बहुत आशाएं हैं। उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले ही विश्व बैंक ने कहा है कि भारत आने वाले वर्षों में ऐसे ही दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा। कुछ ही दिन पहले जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र की एक संस्था ने भारत को सोलर पावर का सुपरपॉवर कहा था। इस संस्था ने ये भी कहा कि जहां कई देश सिर्फ बातें करते हैं, वहीं भारत नतीजे लाकर दिखाता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के विकसित भविष्य में टेक्सटाइल, पर्यटन और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों की बहुत बड़ी भूमिका रहने वाली है। ये तीनों क्षेत्र, करोड़ों नए रोजगार पैदा करने वाले हैं। भारत का टेक्सटाइल सेक्टर करोड़ों लोगों को रोजगार देता है। भारत के पास टेक्सटाइल से जुड़ी एक पूरी परंपरा, कौशल और उद्यमिता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश तो एक प्रकार से भारत की कपास राजधानी है। भारत की करीब 25 प्रतिशत ऑर्गेनिक कपास सप्लाई मध्य प्रदेश से ही होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित मध्य प्रदेश से विकसित भारत की यात्रा में आज का यह कार्यक्रम बहुत अहम है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक एयरोस्पेस फर्मों के लिए शीर्ष आपूर्ति शृंखला के रूप में उभर रहा है। कपड़ा, पर्यटन और प्रौद्योगिकी क्षेत्र आने वाले वर्षों में करोड़ों नौकरियां पैदा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने राज्य में विकास की तेज गति का श्रेय डबल इंजन सरकार को दिया। उन्होंने राज्य और केंद्र प्रशासन के बीच तालमेल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तालमेल ने प्रगति को गति दी है, जिससे मध्य प्रदेश घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन गया है। बीते दो दशकों में मध्य प्रदेश ने परिवर्तन का नया दौर देखा है। एक समय था जब यहां बिजली और पानी की बहुत सारी दिक्कतें थीं। कानून-व्यवस्था की स्थिति तो और भी खराब थी। ऐसी हालत में यहां इंडस्ट्री का विकास बहुत मुश्किल था। बीते दो दशक में मध्य प्रदेश के लोगों के सपोर्ट से यहां की भाजपा सरकार ने शासन पर फोकस किया। दो दशक पहले तक लोग मप्र में निवेश करने से डरते थे। आज मप्र निवेश के लिए देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है।
प्रधानमंत्री ने भारत की इलेक्ट्रिक वाहन क्रांति में मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य इस परिवर्तनकारी उद्योग में अग्रणी राज्यों में से एक है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश आकर्षक रिटर्न के लिए प्रचुर अवसर प्रदान करता है, जिससे व्यापार के अनुकूल माहौल को बढ़ावा मिलता है। प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार की 18 नई नीतियों का भी अनावरण किया। इनका उद्देश्य राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना है। मोदी ने कहा कि मजबूत प्रतिभा पूल और संपन्न उद्योगों के साथ, मध्य प्रदेश एक पसंदीदा व्यवसाय स्थल बन रहा है। पिछली सरकार ने एमएसएमई की क्षमता को कम करके आंका, जिससे भारत की स्थानीय आपूर्ति शृंखला के विकास में बाधा उत्पन्न हुई। अब हम एमएसएमई के नेतृत्व वाली स्थानीय आपूर्ति शृंखलाओं के विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके लिए एमएसएमई की परिभाषा में भी सुधार किया गया है। एमएसएमई को ऋण से जुड़े प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार