Newzfatafatlogo

18 अक्टूबर को मनाई जाएगी धन्वंतरी जयंती व धनतेरस

 | 
18 अक्टूबर को मनाई जाएगी धन्वंतरी जयंती व धनतेरस


18 अक्टूबर को मनाई जाएगी धन्वंतरी जयंती व धनतेरस


मुरादाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। श्री हरि ज्योतिष संस्थान मुरादाबाद के ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने गुरुवार को बताया कि धन्वंतरी जयंती व धनतेरस का पर्व 18 अक्टूबर दिन शनिवार को मनाया जाएगा। इस साल धनतेरस के दिन ब्रह्म योग और उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र का संयोग बन रहा है।

पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगी और 19 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। इस दिन धन्वंतरी जयंती सहित प्रदोष व्यापिनी त्रयोदशी तिथि में आयुर्वेद के जनक धन्वंतरी जयंती के रूप में भी मनाया जाता है।

सुरेंद्र कुमार शर्मा ने आगे बताया कि इस साल धनतेरस के दिन 18 अक्टूबर की सुबह (सूर्योदय) से ब्रह्म योग आरंभ होगा, जो रात 1 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। वहीं पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र सुबह से लेकर दोपहर 3 बजकर 41 मिनट तक रहने वाला है। इसके बाद से उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र प्रभावी होगा।

उन्होंने आगे बताया कि धनतेरस पर प्रदोष काल में यमराज के लिए दीपक जलाने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और परिवार के सदस्य दीर्घायु होते हैं। यह दीपावली के पांच दिवसीय पर्व की शुरुआत की प्रतीक भी होता है। धनतेरस के दिन पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त सूर्यास्त के बाद शाम 7 बजकर 16 मिनट से रात 8 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इस समय मां लक्ष्मी और कुबेर देव की आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है। त्रयोदशी तिथि की शुरुआत दोपहर 12 बजकर 20 मिनट से खरीदारी का शुभ समय आरंभ हो जाएगा और रात्रि कल मंगलकारी रहेगा। इस दिन सोना-चांदी, बर्तन, झाड़ू, दीपक, नमक, साबुत धनिया, गोमती चक्र आदि खरीदना अत्यंत मंगलकारी माना जाता है। धनतेरस पर की गई खरीदारी से घर में सुख-समृद्धि और धन की वृद्धि होती है।

धनतेरस पर झाड़ू, साबुत धनिया और नमक जरूर खरीदें पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि धनतेरस पर झाड़ू, साबुत धनिया और नमक जरूर खरीदना चाहिए, क्योंकि यह यह माता लक्ष्मी का प्रतीक मानी जाती है। ऐसा कहते हैं कि धनतेरस पर झाड़ू खरीदने से घर की दरिद्रता और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है‌ और इस बात का ध्यान रखें कि धनतेरस पर खरीदी गई नई झाड़ू का इस्तेमाल उसी दिन न करें।

धनतेरस के दिन साबुत धनिया खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। साबुत धनिया समृद्धि और आर्थिक उन्नति का प्रतीक माना गया है। धनतेरस की पूजा के समय कुछ साबुत धनिया के बीज माता लक्ष्मी को चढ़ाएं और बाद में उन्हें अपनी तिजोरी में रखें। कहते हैं कि इससे धन लाभ के योग बनते हैं। इसी प्रकार धनतेरस पर नमक खरीदना भी शुभ माना जाता है नमक घर की पवित्रता बनाए रखने में मदद करता है। धनतेरस पर सेंधा नमक खरीदकर घर में रखने से वास्तु दोष दूर होता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

गोमती चक्र खरीदकर पूजा में रखना अत्यंत शुभ

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि गोमती चक्र को देवी लक्ष्मी का प्रिय माना गया है। धनतेरस पर इसे खरीदकर पूजा में रखना अत्यंत शुभ होता है। मान्यता है कि धनतेरस पर गोमती चक्र खरीदने से धन संबंधी रुकावटें दूर होती हैं और घर में स्थायी माता लक्ष्मी का निवास होता है। धनतेरस के शुभ अवसर पर काले रंग की चीजों को खरीदने से भी बचना चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल