प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से बदली सुनील की जिंदगी
अररिया 21 मई(हि.स.)। बिहार के अररिया जिले में उद्योग विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन रही है। इसी योजना का लाभ लेकर अररिया के बैद्यनाथपुर वार्ड संख्या-5, गिदरिया निवासी सुनील कुमार साह ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई मिसाल कायम की है।
कभी रोजगार की तलाश में पलायन कर मजदूरी करने की सोच रहे सुनील कुमार साह आज अपने गांव में ही स्वरोजगार स्थापित कर खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने उद्योग विभाग माध्यम से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत पांच लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर मूढ़ी फैक्टरी की स्थापना की।
फैक्टरी शुरू होने के बाद न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई, बल्कि गांव के अन्य लोगों को भी रोजगार का अवसर मिला। वर्तमान में उनकी फैक्टरी में लगभग 25 लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिससे कई परिवारों की आजीविका जुड़ गई है।
सुनील कुमार साह ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि सरकार की इस योजना ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। पहले जहां वे रोजगार के लिए बाहर जाने की सोच रहे थे, वहीं अब अपने गांव में रहकर सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने अन्य युवाओं से भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
उन्होंने बताया कि इस लोन में केंद्र सरकार के द्वारा 35 प्रतिशत अनुदान दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में इस स्वरोजगार प्रति माह 50 हजार की आमदनी हो रही है।
सुनील अपने इस कारोबार में दिन रात मेहनत करते हैं और उसके मेहनत का फल देख दूसरे ग्रामीण भी प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के माध्यम से अपना स्वरोजगार स्थापित करने को लेकर आवेदन किए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
