Newzfatafatlogo

यमुनानगर: यूपीएससी में 38वीं रैंक हासिल कर दीपांशु जिंदल ने प्रदेश का मान बढ़ाया

 | 
यमुनानगर: यूपीएससी में 38वीं रैंक हासिल कर दीपांशु जिंदल ने प्रदेश का मान बढ़ाया


यमुनानगर: यूपीएससी में 38वीं रैंक हासिल कर दीपांशु जिंदल ने प्रदेश का मान बढ़ाया


यमुनानगर, 06 मार्च (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग(यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर में 38वां स्थान प्राप्त कर जगाधरी में कार्यरत खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी दीपांशु जिंदल ने प्रशासनिक सेवा में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। उनकी इस सफलता पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, अंडरट्रेनिंग आईएएस सुमन यादव, रादौर के एसडीएम नरेंद्र कुमार, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, बिलासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल, छछरौली के एसडीएम रोहित कुमार सहित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने शुक्रवार काे दीपांशु जिंदल को बधाई देते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया। अधिकारियों ने कहा कि निरंतर परिश्रम और स्पष्ट लक्ष्य के साथ कार्य किया जाए तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है। दीपांशु जिंदल का मूल निवास मोगा है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बारहवीं कक्षा तक वहीं से पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से कॉमर्स ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई की, जहां वे अपने शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए भी जाने गए। प्रशासनिक सेवाओं की दिशा में उनका यह सफर पहले भी उल्लेखनीय रहा है। गत वर्ष हरियाणा सिविल सर्विसेज परीक्षा में उन्होंने छठा स्थान प्राप्त किया था, जिसके बाद वर्तमान में वे जगाधरी में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। अपनी इस उपलब्धि पर दीपांशु जिंदल ने इसे परिवार और मार्गदर्शकों के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कार, परिवार का समर्थन और वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है। दीपांशु जिंदल की सफलता से न केवल प्रशासनिक क्षेत्र में कार्यरत युवाओं को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि यह संदेश भी मजबूत होगा कि दृढ़ निश्चय, अनुशासन और सतत प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार