Newzfatafatlogo

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की युवा प्रथम बराड़ के पर्यावरण संरक्षण पर विचारों की सराहना

 | 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की युवा प्रथम बराड़ के पर्यावरण संरक्षण पर विचारों की सराहना


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की युवा प्रथम बराड़ के पर्यावरण संरक्षण पर विचारों की सराहना


- यमुनानगर के युवा प्रथम बराड़ को प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ में मिली पहचान

यमुनानगर, 29 मार्च (हि.स.) हरियाणा के यमुनानगर जिले के युवा प्रथम बराड़ की रचनात्मक सोच को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में जिले के प्रथम बराड़ का उल्लेख करते हुए उनके विचारों की सराहना की।

प्रथम बराड़ ने ‘मेरा भारत’ से जुड़ी एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए थे। देशभर से बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी वाले इस आयोजन में चयनित प्रतिभागियों के लेखों में उनके लेख को भी स्थान मिला। अपने लेख में उन्होंने स्वच्छता और हरित परिवेश को विकास की मूल आधारशिला बताया। उन्होंने पौधरोपण को बढ़ावा देने, प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उनके विचारों को प्रधानमंत्री ने सकारात्मक दृष्टिकोण का उदाहरण बताया है। प्रथम बराड़ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने बताया कि समाज और पर्यावरण के प्रति जागरूकता उनके विचारों का प्रमुख हिस्सा रही है और इसी सोच को उन्होंने लेख के माध्यम से व्यक्त किया। वर्तमान में वह स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थी हैं और उन्हें प्रारंभ से ही शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलता रहा है, जिसने उनके दृष्टिकोण को आकार दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मेरा भारत’ जैसे मंच युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित अन्य पहल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं द्वारा प्रस्तुत विचारों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी सोच भारत के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार