अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का उद्घाटन, देश-विदेश से पहुंचे योग साधक
योग महोत्सव का शुभारंभ
उत्तराखंड: तीर्थनगरी ऋषिकेश के निकट मुनिकी रेती में गढ़वाल मंडल विकास निगम के परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का आगाज हो गया है। यह महोत्सव 22 मार्च तक चलेगा, जिसमें न केवल भारत से बल्कि विदेशों से भी योग साधक शामिल होने के लिए आए हैं। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को उत्तराखंड की संस्कृति से परिचित कराया जाएगा और उन्हें स्थानीय उत्पादों का स्वाद भी चखाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लगातार अंतरराष्ट्रीय योग की राजधानी के रूप में पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग ने वैश्विक स्तर पर एक विशेष स्थान प्राप्त किया है। मुनिकी रेती अब विश्व मानचित्र पर एक उभरती हुई नगरी के रूप में देखी जा रही है।
LIVE: टिहरी, ऋषिकेश में अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव–2026 का शुभारम्भ समारोह https://t.co/0UM4pCQcyA
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 16, 2026
सीएम धामी ने यह भी बताया कि इस महोत्सव में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कलाकार भी आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गंगा कॉरिडोर और इकोनामिक सिटी के विकास पर भी काम कर रही है।
गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के लिए प्रदेशवासियों और योग साधकों को बधाई दी और कहा कि यह महोत्सव एक अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और सतपाल महाराज ने कहा कि हर साल योग महोत्सव का आयोजन करने का उद्देश्य यह है कि लोग योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ रहें। योग अपनाने से न केवल शरीर स्वस्थ होता है, बल्कि यह भारतीय योगाचार्यों के लिए विदेशों में रोजगार के अच्छे अवसर भी प्रदान करता है।
