अंबाला नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू
अंबाला नगर निगम चुनाव की तैयारी
- एसडीएम दर्शन कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया
Ambala Nigam Election | अंबाला। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार, अंबाला नगर निगम के महापौर और सदस्यों के चुनाव के लिए एसडीएम दर्शन कुमार को रिटर्निंग अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। चुनाव के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक निर्देशों का पालन किया जाएगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किया गया है। उम्मीदवार 21 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 के बीच सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। मेयर पद और वार्ड नंबर 1 से 10 के लिए उम्मीदवार एसडीएम अंबाला शहर के कोर्ट रूम में नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं।

इसी तरह, वार्ड नंबर 11 से 20 के लिए उम्मीदवार 21 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 के बीच सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र तहसीलदार कोर्ट अंबाला शहर में दाखिल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल 2026 को की जाएगी और उम्मीदवार 28 अप्रैल 2026 को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
इन सभी पदों के लिए मतदान 10 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। नगर निकायों के मतों की गणना 13 मई को सुबह 8 बजे से निर्धारित केंद्र पर शुरू होगी। इस संबंध में जानकारी नगर उपायुक्त कार्यालय, निगम कार्यालय अंबाला शहर, एसडीएम कार्यालय अंबाला शहर और तहसील कार्यालयों में चस्पा कर दी गई है।
