अनिल अंबानी के खिलाफ CBI ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ीं
मुंबई: देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी के लिए हालात गंभीर होते जा रहे हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120-B के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के मुख्य प्रबंधक संतोषकृष्ण अन्नावरपू की शिकायत पर की गई है।
CBI की प्राथमिकी के अनुसार, 2013 से 2017 के बीच अनिल अंबानी ने अपनी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक के साथ लगभग 1085 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।
सरकारी बैंक का आरोप है कि रिलायंस कम्युनिकेशंस ने जानबूझकर यह लोन वापस न करने की मंशा से लिया था। इसके अलावा, कंपनी पर यह भी आरोप है कि उसने बैंक से प्राप्त धनराशि को अन्य स्थानों पर डायवर्ट कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने बैंक के धन का दुरुपयोग करते हुए न केवल धोखाधड़ी की, बल्कि आपराधिक विश्वासघात भी किया। CBI द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी में अनिल अंबानी, रिलायंस कम्युनिकेशंस और मझारी काकर सहित कुछ अन्य व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। वर्तमान में मामले की जांच जारी है और एजेंसी दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन की गहनता से जांच कर रही है।
