अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला

मोदी सरकार का 11 वर्षों का सफर
-कैलेंडर बदलता रहा, भारत की प्रगति निरंतर जारी: अनुराग सिंह ठाकुर
-मोदी जी ने 11 वर्षों में राष्ट्र सेवा में खुद को समर्पित किया: अनुराग सिंह ठाकुर
-भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत एनडीए सरकार ने 11 वर्षों का कार्यकाल पूरा किया है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने 'विकसित भारत का अमृतकाल' के तहत सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों का जश्न मनाया। इस संदर्भ में हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने चंडीगढ़ में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, उपाध्यक्ष कैलाश चन्द जैन, सह संयोजक मनीष शर्मा और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। उनके मजबूत नेतृत्व में भारत ने हर चुनौती का सामना किया है। हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं और भारत एक उभरती वैश्विक शक्ति बन चुका है। मोदी जी का 'सबका साथ, सबका विकास' मंत्र देश को विकास की मुख्य धारा से जोड़ता है। आज हर वर्ग और क्षेत्र एक साझा संकल्प के साथ विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में 9 आतंकवादी कैंप और 11 एयरबेस को नष्ट कर दिया है, जिससे भारत की ताकत का परिचय मिला है। इसके विपरीत, कांग्रेस के शासन में आतंकवादियों को सम्मान दिया जाता था।”
अनुराग सिंह ठाकुर ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में एनडीए सरकार ने गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें उचित अधिकार देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। आंकड़े बताते हैं कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। मोदी सरकार की योजनाओं ने करोड़ों गरीबों का जीवन आसान बनाया है।”
उन्होंने यह भी बताया कि “मोदी सरकार में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हो गई है। 2014 में 387 मेडिकल कॉलेज थे, जो 2025 में 780 हो जाएंगे। MBBS सीटों की संख्या 51,348 से बढ़कर 2024 में 1.18 लाख हो जाएगी। पिछले 11 वर्षों में 17.1 करोड़ नई नौकरियां पैदा की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री जन धन योजना जैसी योजनाओं ने आम जनमानस के जीवन को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”
अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रधानमंत्री की अंत्योदय नीति के तहत विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले 11 वर्षों में विकास की बयार ने भारत को विकसित भारत बनने की दिशा में अग्रसर किया है। आज से प्रधानमंत्री के संकल्प से देश के 140 करोड़ नागरिकों को जोड़ा जा रहा है, जिसमें हर नागरिक 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में भागीदार बनेगा।”
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में जो तरक्की हुई है, उससे देश का मान-सम्मान बढ़ा है। चंडीगढ़ भाजपा द्वारा जन जागरूकता के लिए योजनाएं बनाई गई हैं, जिससे आम नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प में जोड़ा जा सके।