अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ा जवाब दिया

अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर पलटवार
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड इकोनॉमी' कहने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ठाकुर ने कहा कि यूपीए के कार्यकाल में राहुल गांधी ने भारत को 'Dead Decade of Opportunity' के रूप में देखा था। इसीलिए जब भी कोई भारत विरोधी बयान देता है, राहुल गांधी उसे तुरंत स्वीकार कर लेते हैं। मोदी सरकार के पिछले 11 वर्षों में भारत ने विकास की नई गति प्राप्त की है और नई ऊँचाइयों को छुआ है।
अनुराग ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी का काम केवल देश की उपलब्धियों का विरोध करना है। यूपीए के दौरान उन्होंने भारत को 'Dead Decade of Opportunity' कहा। इसीलिए जब भी कोई भारत विरोधी टिप्पणी होती है, राहुल बिना सोचे-समझे उस पर प्रतिक्रिया देते हैं। वे यह भूल जाते हैं कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जो 6.5 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। डिजिटल पेमेंट्स में भारत की हिस्सेदारी 48 प्रतिशत से अधिक है, और मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।
उन्होंने आगे कहा कि पहले 5 शहरों में मेट्रो नहीं थी, अब यह 21 शहरों में है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी दोगुनी हो गई है। स्पेस सेक्टर से लेकर खेल और तकनीकी क्षेत्रों में भारत का दबदबा है। प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं, शायद यही बातें राहुल गांधी को स्वीकार नहीं होती हैं। राहुल गांधी को भारत विरोध बंद कर, विकास पर चर्चा करनी चाहिए।