अमित शाह का ममता बनर्जी पर तीखा हमला, महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
अमित शाह का ममता बनर्जी पर हमला
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया। उन्होंने TMC सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रही है। मयूरेश्वर के पल्ली मंगल क्लब मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने बनर्जी की उस टिप्पणी की आलोचना की, जिसमें उन्होंने महिलाओं को शाम सात बजे के बाद बाहर न निकलने की सलाह दी थी। शाह ने कहा कि ममता दीदी को थोड़ी शर्म आनी चाहिए। एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी वह बंगाल की बहनों की सुरक्षा नहीं कर पाईं। भाजपा को एक विकल्प के रूप में पेश करते हुए शाह ने कहा कि अगर आप एक बार BJP की सरकार बनाते हैं, तो हम ऐसा बंगाल बनाएंगे जहां रात के एक बजे भी एक छोटी बच्ची स्कूटर पर बाहर निकल सके।
बनर्जी पर अपने हमले को और तेज करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने हाल ही में ममता दीदी का एक भाषण देखा, जिसमें वह बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही थीं। सीएम ने कहा कि अगर टीएमसी नहीं रही, तो बहुसंख्यक समुदाय सुरक्षित नहीं रहेगा। उनके शासन में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी पर हमले हुए और सरस्वती पूजा पर रोक लगी। तब वह कहां थीं? शाह ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होंगे। टीएमसी के गुंडे अब बंगाल के लोगों को अपने बम धमाकों से नहीं डरा पाएंगे। बंगाल के लोग बमों का जवाब बैलेट से और डर का जवाब भरोसे से देंगे। मैं बंगाल के लोगों से कहना चाहता हूं कि आप बैलेट मशीन पर कमल का निशान खोजें। टीएमसी के सभी गुंडों को भाजपा सरकार ढूंढ निकालेगी। उन्होंने कहा कि मैं आज टीएमसी के गुंडों से कह रहा हूं कि 23 अप्रैल को अपने घरों में बंद रहें, वरना चार मई को आपको चुन-चुनकर जेल में डाल दिया जाएगा।
