अमृतसर में 64.6 किलो हेरोइन की बड़ी खेप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
पाकिस्तान से आई हेरोइन की खेप पकड़ी गई
पाकिस्तान से आई 64.6 किलो हेरोइन की जब्त, दो नशा तस्कर भी काबू
अमृतसर : काउंटर इंटेलिजेंस विंग की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने अमृतसर में नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 64.62 किलोग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव अवान वासाऊ के सरवन सिंह उर्फ गुज्जर और गांव दयाल रंगड़ के शमशेर सिंह उर्फ शेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने न केवल हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की, बल्कि आरोपियों की मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग वे नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए कर रहे थे।
गिरोह का संचालन पाकिस्तान और पुर्तगाल से
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस गिरोह के पाकिस्तानी तस्करों और पुर्तगाल स्थित हैंडलरों के साथ संबंध हैं। उन्होंने कहा कि इस गिरोह के पाकिस्तानी तस्कर मूसा का नाम 532 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी में भी आया था। उल्लेखनीय है कि भारतीय कस्टम अधिकारियों ने 2019 में अटारी में 532 किलोग्राम हेरोइन की सबसे बड़ी बरामदगी की थी। डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस की सफलता का तरीका
ए.आई.जी. एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि सरवन सिंह और शमशेर सिंह ने हाल ही में ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि ये दोनों अपने हैंडलरों के निर्देश पर इस खेप को किसी अन्य पक्ष तक पहुंचाने जा रहे थे।
एस.एस.ओ.सी. अमृतसर यूनिट ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अमृतसर के महल बाईपास के पास पकड़ लिया और उनके पास से 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। एआईजी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को उनके हैंडलरों द्वारा खेप डिलीवर करने के बदले बड़ी रकम का वादा किया गया था। जांच जारी है और आगे की गिरफ्तारियों की संभावना है।
