अमृतसर में तीन आरोपी गिरफ्तार, छह पिस्तौले बरामद
पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े थे आरोपी: डीजीपी
अमृतसर : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से छह पिस्तौले बरामद की गई हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दीपक सिंह उर्फ दीपू (22), अरुण कुमार उर्फ साबू (26) और सुखजिंदर सिंह उर्फ सुखा (29) के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में एक .30 बोर पीएक्स5 पिस्तौल, तीन .32 बोर और दो .30 बोर पिस्तौले शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासे
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ये आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदते थे। उन्होंने यह भी बताया कि ये आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के तस्करों से संपर्क में थे, जो ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।
यह नेटवर्क माझा और दोआबा क्षेत्रों में सक्रिय था। डीजीपी ने कहा कि आगे की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पूरी तरह से खात्मा किया जा सके।
पुलिस की सफलता का विवरण
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर एक योजनाबद्ध ऑपरेशन के तहत दीपक को एक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर अन्य दो पिस्तौले भी बरामद की गईं।
दीपक के खुलासे के बाद उसके दो अन्य साथी अरुण और सुखजिंदर को भी गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला है कि इन आरोपियों ने ये हथियार बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए खरीदे थे।
