अमृतसर में सांप पकड़ने वाले को कोबरा ने काटा, सांसद ने अस्पताल की लापरवाही पर उठाए सवाल

अमृतसर में सांप पकड़ने वाले की आपबीती
अमृतसर/दीपक मेहरा : अमृतसर के एक पेशेवर सांप पकड़ने वाले, अशोक जोशी, को हाल ही में एक कोबरा ने काट लिया। यह घटना तब हुई जब वह फतेहगढ़ चूडिय़ां रोड पर स्थित आशियाना इंकलेव से पकड़े गए सांप को जंगल में छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने सांप को छोड़ा, कोबरा ने अचानक उनके हाथ पर डस लिया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें लगभग आधे घंटे तक चिकित्सा सहायता नहीं मिली।
अशोक जोशी ने इस दौरान अपनी एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें उन्होंने मदद की गुहार लगाई। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि गुरु नानक देव अस्पताल, अमृतसर के स्टाफ ने उन्हें समय पर इलाज देने से मना कर दिया और लापरवाही दिखाई। इस वीडियो के वायरल होने के बाद, शहर के कई वीआईपी और जागरूक नागरिकों ने अशोक जोशी के लिए आवाज़ उठाई। इसके बाद उन्हें उचित चिकित्सा सहायता प्राप्त हुई।
आज अमृतसर के सांसद, गुरजीत सिंह औजला, स्वयं गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचे और अशोक जोशी से मुलाकात की। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। सांसद औजला ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि एक जिम्मेदार नागरिक, जो लोगों की सुरक्षा के लिए जान जोखिम में डालता है, को समय पर इलाज नहीं मिला। उन्होंने अस्पताल स्टाफ की संवेदनहीनता को बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी और सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।